logo
Latest

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बना राम मंदिर, लाखों रामभक्तों का सपना हुआ पूरा : पुष्कर धामी


उत्तराखंड प्रकोष्ठ ने धामी और टंडन का किया भव्य स्वागत

लोकगायक प्रीतम भरतवाण ने श्रीराम के भजनों को गाकर राममयी किया वातावरण, श्री राम के जयघोषों से गूंजा पंडाल

चंडीगढ़ :  ( कुलदीप धस्माना) । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि इंडी गठबंधन का उद्देश्य परिवारवाद, भ्रष्टाचार और घोटालों को पोषित करना है। इंडी गठबंधन संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने को लेकर जनता को गुमराह कर रहा है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आरक्षण और संविधान के सच्चे सेवक हैं। कांग्रेस का उद्देश्य एक वर्ग विशेष को आरक्षण देना है, कर्नाटक में इन्होंने यह कारनामा कर दिया है, अब पूरे देश इसे लागू करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राममंदिर का न केवल निर्माण हुआ, बल्कि प्राण प्रतिष्ठा भी हुई। लाखों राष्ट्र और रामभक्तों ने इसके लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था।


मुख्यमंत्री पुष्कर धामी सेक्टर-46 के रामलीला मैदान में भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। भाजपा चंडीगढ़ के उत्तराखंड प्रकोष्ठ ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। धामी के यहां पहुंचने पर उत्तराखंड प्रकोष्ठ की महिलाओं ने उत्तराखंड की पारंपरिक परिधान पहन कर कमल का फूल देकर उनका स्वागत किया और लोक नृत्य प्रस्तुत किया। इस मौके पर उत्तराखंड प्रकोष्ठ ने धामी व टंडन के हाथों से आकाश में भगवा गुब्बारे भी छोड़े। मंच पर पहुंचने पर उत्तराखंड प्रकोष्ठ के संयोजक भूपिंदर शर्मा ने श्री राम की प्रतिमा मुख्यमंत्री धामी की भेंट की जबकि भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन को श्री हनुमानजी की प्रतिमा स्वागत हेतु भेंट किए। उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक प्रीतम भरतवाण ने उत्तराखंड के लोक गीत व श्री राम की स्तुति में सुंदर भजन दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत कर खूब प्रशंसा बटोरी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिख समाज को भी बड़ी सौगात दी है। कतारपुर कारिडोर बनाकर श्री गुरुनानक देव की पुण्य जन्मस्थली पर अब सिख श्रद्धालु आसानी से जा रहे हैं। इसके साथ ही श्री हेमकुंड साहिब में भी रोपवे का काम चल रहा है। यही नहीं साहिबदाजों की वीरगाथा को समर्पण दिवस के रूप में मनाने का फैसला लिया गया है। 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।


उन्होंने इंडी गठबंधन पर बरसते हुए कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के जरिये देश की एकता व अखंडता को चोट पहुंचाना चाहते हैं। इंडी गठबंधन भानुमति का कुनबा है, यहां बाराती नहीं, बल्कि सभी दूल्हा बनना चाहते हैं। वहीं उन्होंने आप और कांग्रेस के गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि पंजाब में दोनों पार्टियां एक दूसरे को कोस रही हैं, जबकि चंडीगढ़ में एक दूसरे के साथ चुनाव लड़ रही हैं। धामी यहीं नहीं रूके उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी पर तीखे वार छोड़ते हुए कहा कि आनंदपुर साहिब से अब चंडीगढ़ पहुंचे हैं, जबकि वहां पांच साल दिखाई नहीं दिए। वहीं चंडीगढ़ से भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन स्थानीय हैं, जोकि चंडीगढ़ के हकों की संसद में बतौर वकील पैरवी करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि आज भारत सुपर पावर के रूप में उभर रहा है। देश की 11वीं अर्थव्यवस्था से 5वीं अर्थव्यवस्था बन गया है

 उत्तराखंड से पूरे देश में लागू होगी सीएए की गंगोत्री
उत्तराखंड मुख्यमंत्री ने कहा कि सामान नागरिक संहिता को लागू करने वाला उत्तराखंड पहला प्रदेश है, राष्ट्रपति की ओर से भी इसे मंजूरी दे दी गई है। अब सभी व्यक्तिों के लिए समान अधिकार होंगे। इसके साथ ही धर्मांतरण व दंगा विरोधी कानून बना दिए गए हैं। भाजपा के संकल्प पत्र में भी समान नागरिक संहिता को शामिल किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने उत्तराखंड के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए कार्यों का विस्तार पूर्वक उल्लेख किया। सड़कों से लेकर रेल व हवाई इन्फ्रास्ट्रक्चर मजबूत हुआ है।

तुष्टिकरण की राजनीति देश की एकता व अखंडता के लिए खतरनाक
पुष्कर धामी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य देश के नागरिकों को समान नागरिक का दर्जा दिलाना है, जबकि कांग्रेस का समान नागरिक संहिता के उलट मुस्लिक पर्सनल ला को लागू करना है। ऐसे में कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति देश की एकता व अखंडता के लिए खतरा है। यही नहीं तुष्टिकरण की राजनीति में कांग्रेस आज इस हद तक गिर गई है कि संपत्ति कर लगाकर विशेष वर्ग को लाभ देना चाहती है।

आप और कांग्रेस दोनों कर रही हैं तुष्टिकरण की राजनीति
उत्तराखंड सीएम ने कहा कि आप और कांग्रेस दोनों तुष्टिकरण की राजनीति कर रही हैं। दोनों पार्टियों का एक ही उद्देश्य है भ्रष्टाचार और घोटालों को बढ़ावा देना। देश की जनता अब इनके मंसूबों को समझ चुकी है। अब इन्हें कामयाबी नहीं मिलेगी। सत्ता में लालच में सभी भ्रष्टाचारियों ने एक गठबंधन बनाया है, जोकि किसी ठगबंधन से कम नहीं है। यह गठबंधन सरकार बनाने का गठबंधन नहीं, बल्कि यह एक विशेष वर्ग के वोट बैंक को आगे बढ़ाने है।

इंडी गठबंधन का फ्रेम तो जरूरी है, लेकिन उस फ्रेम में परिवारवाद : टंडन

भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन ने कहा कि पहली जून को यह फैसला करना है कि देश में मजबूत प्रधानमंत्री बनेगा या फिर मजबूर पीएम होगा। देश को ईमानदार व्यक्ति देना या फिर इंडी गठबंधन के भ्रष्टाचारियों को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन का फ्रेम तो जरूरी है, लेकिन उस फ्रेम में परिवारवाद है। जबकि नरेंद्र मोदी को 140 करोड़ के लोगों की चिंता है। चुनाव से भ्रष्टाचार का मुद्दा गायब है, क्योंकि मोदी सरकार ने सुशासन दिया है। उन्होंने कहा कि गरीबों को सीधा योजनाओं का लाभ मिल रहा है। हर बिजली, पानी और गैस पहुंची है। इसके साथ ही गांवों को भी राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ती हुई सड़क पहुंच चुकी है। देश की तरक्की को नए आयाम दिए।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वह करके दिखाया है, जोकि 600 सालों से नहीं हो पाया था, भगवान राम का मंदिर घरों के अंदर था, लेकिन 22 जनवरी को भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई। इसके साथ ही 370 को समाप्त करके नया इतिहास बनाया है, आज लाल चौक पर तिरंगा लहरा रहा है। भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन ने उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि चंडीगढ़ में उत्तराखंड के लोग भी काफी संख्या में रहते हैं। देव भूमि से आने वाले ये लोग अपनी आजीविका के लिए अक्सर ये यहीं आते हैं और यहां के हो जाते हैं। चंडीगढ़ के विकास में भी इन लोगो की विशेष भूमिका है। देश की सेनाओं में भी ये लोग अपनी सेवाएं प्रदान करते हैं और उसकी रक्षा के लिए कई तो शहीद भी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग बहुत समझदार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास को देखते हुए उन्होंने दूसरी बार भी भारतीय जनता पार्टी को राज्य में सरकार बनाने का अवसर दिया ताकि उत्तराखंड में और अधिक तेज गति से विकास हो सके। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस बार चंडीगढ़ में भी उत्तराखंड के लोग उन्हें आशीर्वाद प्रदान करें और चंडीगढ़ के विकास में भी अहम भूमिका अदा करें।

टंडन को वार्ड से भारी बहुमत से जिताने के लिए प्रकोष्ठ प्रतिबद्ध : भूपिंदर शर्मा

भूपिंदर शर्मा ने कहा कि शहर में भारी संख्या में उत्तराखंड के लोग मौजूद है, जिससे उत्तराखंड की झलक शहर में विद्यमान है। उत्तराखंड के निवासी भाजपा द्वारा किए गए विकास कार्यों से बहुत ही प्रभावित हैं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार टंडन को आश्वस्त किया कि वे इस वार्ड से भारी संख्या में उनके पक्ष में मतदान करवाएंगे। शर्मा ने बताया कि हाल ही में उन्होंने उत्तराखंड का चुनाव कार्यालय सेक्टर 45 में खोला है, जहां बैठकर प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता चुनाव की रणनीति बनाते है और घर घर जाकर वार्ड के निवासियों को भाजपा की उपलब्धियां व देश व शहर में किए गए कार्यों के बारें में लोगों को जानकारी देकर उन्हें विकास की गति को आगे ले जाने के भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं द्वारा टीम बनाकर, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को भाजपा के विकास कार्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे एक बार फिर मोदी सरकार के नारे की बुलंद कर सकें।

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर आनंद प्रकाश शर्मा, प्रशांत शर्मा, सुशांत भट्ट, शांति बहुगुणा, हीरा नेगी, शक्ति देव शाली, प्रकाशचंद बलूनी, वीरपाल सिंह नेगी, अरविन्द बलूनी, बुद्धि चंद्र नौटियाल, गोपाल बैजवाल, कुलदीप रावत, जिला अध्यक्ष रविंद्र मलिक, मंडल प्रधान एलडी शर्मा, गढ़वाल सभा के उपप्रधान बृजमोहन फोग्निनी, कुमाऊं सभा के पूर्व प्रधान बच्चन सिंह नगरकोटी से फोग्निनी, शशि पांडेय, रेखा रावत, अनिल असवाल, गौशाला 45 के प्रधान रमेश शर्मा निक्कू, स्थानीय कीर्तन मंडलियों के सदस्य, केंद्रीय रामलीला महासभा के चेयरमैन, चंडीगढ़ संकीर्तन मंडलियों के सदस्य, रामलीला संस्थाओं के सदस्यगण, ब्राह्मण सभा के ब्राह्मण उपस्थित थे।

 

TAGS: No tags found

Video Ad

Ads


Top