logo
Latest

जैन संत पीयूष मुनि जी महाराज तरुण भंडारी के निवास पर पहुंचे, समाज जागरण और परोपकार का दिया संदेश


परहित में ही जीवन का सार है : पीयूष मुनि

पंचकूला। भारत संत गौरव एवं राष्ट्र संत पूज्य श्री पीयूष मुनि जी महाराज अपने अमृतसर चातुर्मास-2026 हेतु करनाल से पदयात्रा करते हुए आज हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी के सरकारी आवास पर पधारे। उनके आगमन पर तरुण भंडारी एवं उनके परिवारजनों ने श्रद्धापूर्वक स्वागत किया तथा पूज्य मुनि श्री से आशीर्वाद प्राप्त किया।


अपने धर्मोपदेश में पूज्य मुनि श्री ने कहा कि मानव जीवन की वास्तविक सार्थकता समाज कल्याण, नैतिक मूल्यों के पालन और परोपकार में निहित है। उन्होंने कहा कि जिसके पास साधन और सामर्थ्य है, उसे तन, मन और धन से यथासंभव समाज सेवा और परहित के कार्य करने चाहिए। शक्ति का सदुपयोग ही उसके प्राप्त होने की सार्थकता सिद्ध करता है। उन्होंने समाज में व्याप्त कुप्रथाओं को त्यागने, व्यसनों से दूर रहने तथा आपसी एकता, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।
मुनि श्री के प्रेरणादायी विचारों ने उपस्थित जनसमूह में नई चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। श्रद्धालुओं ने उनके प्रवचनों को अत्यंत श्रद्धा और ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके चरणों में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर नगर निगम के निर्वाचित पार्षदों, जिला परिषद सदस्यों एवं अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में पार्षद दीपक गर्ग, अनुराधा पुरी, परमजीत कौर, मनीषा, राकेश जगोता, समाज सेवी मुकेश सिंगला, नरेश गोयल, विकास गर्ग, हतिश जैन, सुरिंदर गोयल, मुदिता, चारू, जैन स्थानक सेक्टर-17 के प्रधान नंदीवर्धन,महासचिव अजय जैन,सुनील सिंगला,अनिल सिंगला,पवन, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जैन स्थानक, सेक्टर-17 में पूर्व पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ एवं पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश श्री डी.एस. नलवा भी दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचे।
जैन समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि पूज्य पीयूष मुनि जी महाराज आगामी 4 जून तक सेक्टर-17 स्थित जैन स्थानक में विराजमान रहेंगे। इस दौरान वे प्रतिदिन ज्ञानवर्धक प्रवचन देंगे तथा श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार और समाज सेवा का संदेश प्रदान करेंगे। स्थानक प्रबंधन ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पूज्य मुनि श्री की अमृतवाणी का लाभ उठाने का आग्रह किया।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top