logo
Latest

पीयू के छात्र मानस प्रभु ने नाइपर जेईई-2026 में हासिल किया ऑल इंडिया प्रथम स्थान


चण्डीगढ़ : पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) के फार्मास्युटिकल साइंसेज विभाग के बी.फार्मा अंतिम वर्ष के छात्र मानस प्रभु ने नाइपर जेईई-2026 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर विश्वविद्यालय एवं शहर का नाम देशभर में गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि पंजाब विश्वविद्यालय के फार्मास्युटिकल साइंसेज विभाग के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक मानी जा रही है। मानस प्रभु ने इससे पहले आयोजित जीपीएटी-2026 परीक्षा में भी ऑल इंडिया आठवीं रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। अपने चार वर्षीय बी.फार्मा पाठ्यक्रम के दौरान भी वे एक उत्कृष्ट एवं ऑलराउंडर छात्र के रूप में पहचान बना चुके हैं। मानस की इस उल्लेखनीय सफलता पर उनके पिता एवं पर्यावरण सेवक प्रभुनाथ शाही तथा माता रीमा प्रभु ने ईश्वर का आभार व्यक्त करते हुए सभी शुभचिंतकों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद प्रकट किया। उन्होंने कहा कि मानस बचपन से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करता आया है और यह उपलब्धि उसकी कड़ी मेहनत, समर्पण तथा निरंतर प्रयासों का परिणाम है। अपनी सफलता पर मानस प्रभु ने कहा कि वे आगे फार्माकोलॉजी विषय में मास्टर डिग्री प्राप्त करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में वे अपने ज्ञान और शोध कार्यों के माध्यम से जनहित एवं समाज के कल्याण के लिए योगदान देने का प्रयास करेंगे। मानस प्रभु की इस शानदार उपलब्धि पर पंजाब विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top