logo
Latest

नशा परिवार और समाज की प्रगति में बाधक : प्रोफेसर सतीश गंधर्व


राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ निकाली जागरूकता रैली

चंडीगढ़ : राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, पंचकूला की ओर से विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली गई। डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व ने रैली को रवाना किया गया। रैली एनआईए से शुरू होकर माता मनसा देवी कांप्लेक्स और कुहनी साहिब गुरुद्वारा से होते हुए वापस संस्थान में ही समाप्त हुई।
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा और डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी के मार्गदर्शन में नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में संस्थान के विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और बैनर लेकर नशे के खिलाफ संदेश देने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने प्रति जागरूक किया।


डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व ने कहा कि तंबाकू, शराब और अन्य मादक पदार्थ न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि परिवार और समाज की प्रगति में भी बाधक बनते हैं।
उन्होंने कहा कि नशा आज केवल एक व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि सामाजिक, पारिवारिक और राष्ट्रीय चिंता का विषय बन चुका है। विशेष रूप से युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति उनके स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही है। नशे की लत व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को कमजोर कर देती है और उसे शारीरिक, मानसिक तथा आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाती है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को समझना होगा कि नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि यह नई समस्याओं को जन्म देता है। खेल, योग, सांस्कृतिक गतिविधियां और रचनात्मक कार्य युवाओं को नशे से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एसोसिएशट प्रोफेसर अनूप एम ने कहा कि जागरूकता ही नशे के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार है और सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया।
माता मनसा देवी पुलिस स्टेशन से एएसआई केशपाल ने कहा कि पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के निर्देशानुसार पुलिस द्वारा युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस जैसे अवसर समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम हैं। सामूहिक प्रयासों से नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना होगा।


अगद तंत्र विभाग से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुनीता यादव ने बताया कि रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के तहत 31 मई रविवार को श्रमिकों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. समित मसंद, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रितेश, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आकांक्षा राणा, असिस्टेंट प्रोफेसर धवल जी मकवाना, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गरिमा गुप्ता, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अश्वति पी, असिस्टेंट प्रोफेसर चंद्रमोहन, सत्य साई, सचिन गुप्ता और पुलिस विभाग से सिपाही मोहित, ड्राइवर देवेंद्र कुमार और होमगार्ड नवीन कुमार प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top