logo
Latest

हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा अभियान के तहत चण्डीगढ़ के बाजारों में होगी तिरंगे की सजावट : हरीश गर्ग


चण्डीगढ़ : कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की दो दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारी बैठक आज संपन्न हुई जिसमें कैट के चंडीगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष हरीश गर्ग एवं महासचिव भीम सेन सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए 200 से अधिक वरिष्ठ व्यापारी नेताओं ने भाग लिया। सम्मेलन में व्यापार एवं उद्योग से जुड़े अनेक समसामयिक विषयों, व्यापारियों के हितों, देश के आर्थिक विकास में व्यापार जगत की भूमिका आदि विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा अभियान को देशभर के व्यापारियों के माध्यम से व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का रहा। सम्मेलन से देश के समस्त व्यापारियों से आह्वान किया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर, प्रत्येक दुकान और प्रत्येक बाजार तिरंगे की शान से सजे तथा राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि देशभर के बाजारों में बड़े स्तर पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इन यात्राओं में विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति पर आधारित आकर्षक झांकियां भी निकाली जाएंगी। प्रमुख व्यापारिक बाजारों, व्यावसायिक परिसरों और व्यापारिक संगठनों द्वारा राष्ट्रध्वज से संपूर्ण बाजारों को सजाया जाएगा तथा प्रत्येक व्यापारी अपने प्रतिष्ठान पर गर्व के साथ तिरंगा फहराएगा। कैट के सभी राज्य एवं जिला इकाइयों को इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस अवसर पर संसद सदस्य एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा की हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रत्येक व्यापारी की श्रद्धा, सम्मान और कर्तव्य का प्रतीक है। देशभर का व्यापारी समाज इस अभियान में पूर्ण उत्साह और समर्पण के साथ भागीदारी करेगा। हरीश गर्ग ने बताया कि प्रत्येक व्यापारी अपने घर, अपनी दुकान और अपने बाजार को तिरंगे से सजाकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देगा।

 

हरीश गर्ग ने आगे कहा कि आज देश का व्यापारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल तथा लोकल टू ग्लोबल जैसे आह्वानों ने देश के व्यापारियों, उद्यमियों और लघु उद्योगों को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और वैश्विक पहचान प्रदान की है।

उन्होंने देश के सभी व्यापारिक संगठनों, बाजार संघों एवं व्यापारियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा भारत की एकता, अखंडता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रगौरव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top