logo
Latest

रामी बौराणी का नाटक देख भावुक हुए दर्शक।


सरस्वती शिशु मंदिर 14 बीघा का वार्षिकोत्सव कार्यक्रम।

आशीष लखेड़ा उत्तराखण्ड लाइव
सरस्वती शिशु मंदिर 14 बीघा मुनिकीरेती में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में नौनिहालों की रंगारंग प्रस्तुति ने मन मोह लिया। एक ओर जहाँ मंच पर नंदा देवी राजजात की झलकियाँ आकर्षण का केंद्र रहीं, वहीं रामी बौराणी नृत्य-नाटिका ने दर्शकों को भावुक कर दिया।

गुरुवार को 14 बीघा, मुनिकीरेती स्थित श्याम कृष्ण पंवार सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, नगर पालिका अध्यक्ष मुनिकीरेती नीलम बिजल्वाण, विद्या भारती शिशु शिक्षा समिति के सह प्रदेश निरीक्षक विनोद रावत तथा उद्योगपति चंद्रवीर पोखरियाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद मंच पर ‘हम कथा सुनाते…’ भजन की धुन पर नौनिहालों की सामूहिक नृत्य प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं। गढ़वाली गीत ‘ठंडो रे ठंडो…’ पर छात्र-छात्राओं के नृत्य ने समा बांध दिया। इसके पश्चात ‘भूमरौ-भूमरौ’, ‘बेडू पाको’ और ‘बम-बम बोले’ जैसे गीतों पर भी बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में लोकनाटक ‘रामी बौराणी’ पर छात्र-छात्राओं के अभिनय ने दर्शकों को भावुक कर दिया, जबकि ‘नंदा देवी राजजात’ गीत पर नौनिहालों की झांकी ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा 5 के छात्र-छात्राओं की योग प्रस्तुति भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विद्यालय में कक्षा निर्माण सहित पठन-पाठन की व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु 11 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ता है, साथ ही वे समाज और अपनी संस्कृति से भी जुड़े रहते हैं।

इस अवसर पर गीताराम पैन्यूली, सच्चिदानंद पैन्यूली, मनीष डिमरी, दीपा भट्ट, महेश कुड़ियाल, वीरेंद्र सेमवाल, सचिन ममगई, रोशन रतूड़ी, सत्य प्रसाद बंगवाल, मदन सिंह रावत, सुरेश चंद्र भट्ट, भगवती प्रसाद व्यास, राजेश किशोर भट्ट और प्रियंका जुगलान आदि उपस्थित रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top