logo
Latest

गुरु चरण पादुका पूजन एवं सत्यनारायण व्रत महोत्सव में उमड़े श्रद्धालु


स्वामी रसिक महाराज ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं नशामुक्त जीवन का दिया संदेश

चण्डीगढ़ :  सैक्टर-56 स्थित श्री दुर्गा मंदिर में नृसिंह भक्ति सेवा संस्थान भारतवर्ष की चण्डीगढ़ इकाई के सौजन्य से गुरु चरण पादुका पूजन एवं सत्यनारायण व्रत महोत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु चरणों का पूजन किया तथा सत्यनारायण भगवान की कथा का श्रवण कर सुख-समृद्धि की कामना की।


इस अवसर पर सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु की कृपा और मार्गदर्शन से व्यक्ति के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपराओं एवं संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। युवाओं को भारतीय संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय टंडन ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से सेवा, संस्कार और एकता की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा को भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है।

महोत्सव के दौरान कीर्तन मंडली द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भजनों पर भाव-विभोर होकर भगवान का स्मरण किया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर साध्वी मां देवेश्वरी जी, पुष्पा जुंतवान, अव्वल सिंह विष्ट, बलवंत सिंह रावत, सरदार मंजीत बाजवा, मंजू रावत, लक्ष्मी सजवाण, विमला रौतेला एवं बड़ी संख्या में संस्थान से जुड़े भक्तजन उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सनातन संस्कृति के संरक्षण, समाज में सेवा भावना के विस्तार तथा युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कारों से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
TAGS: No tags found

Video Ad


Top