logo
Latest

दून में सेवा संकल्प अभियान का आगाज, पुरकुल गांव में मंत्री गणेश जोशी ने सुनीं जनसमस्याएं


देहरादून, 21 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देहरादून में अभियान की शुरुआत मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरकुल गांव स्थित दीपक पुंडीर सामुदायिक केंद्र में आयोजित बहुउद्देशीय जन शिविर से हुई। शिविर में 200 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान 150 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श भी किया गया।बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और उपलब्ध सेवाओं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इस दौरान पांच महिलाओं को महालक्ष्मी किट, दो किशोरी किट और दो बेबी किट वितरित की गईं।

कैबिनेट मंत्री ने शिविर में ग्रामीणों की 28 से अधिक समस्याएं स्वयं सुनीं। इनमें कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें बहुउद्देशीय जन शिविर, स्वास्थ्य शिविर और स्वच्छता संबंधी गतिविधियां शामिल हैं।

शिविर में सहस्रधारा आपदा प्रभावित क्षेत्र से संबंधित क्षतिग्रस्त पुश्तों, सुरक्षा दीवार, आवासीय कटान और सिंचाई से जुड़ी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए।

इसके अलावा खेरी मान सिंह मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण और पुरकुल गांव में यातायात सुविधा के लिए बस संचालन से संबंधित शिकायत भी दर्ज की गई। बस संचालन के मामले में आरटीओ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।कृषि विभाग के सहयोग से उत्कृष्ट कार्य कर रहे सहसपुर विकासखंड के क्यारकुली भट्टा गांव स्थित श्रीहरि स्वयं सहायता समूह की सदस्य मीना कोटाल को चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। उद्यान विभाग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास, कृषि, मत्स्य, स्वास्थ्य और उद्यान सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि देहरादून जनपद में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। इसके तहत ‘सेवा सेतु’ अभियान के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक विधानसभा, ब्लॉक और तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। पुरकुल गांव में आयोजित शिविर इसी श्रृंखला की शुरुआत है।सेवा संकल्प अभियान को लेकर राज्य स्तर पर भी विभिन्न शिविरों और सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की योजना घोषित की गई है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ शिविरों का आयोजन 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक प्रदेश के ब्लॉक और तहसील स्तर पर किए जाने की जानकारी दी गई है।

कार्यक्रम में मौजूद रहे इस अवसर पर राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उप जिलाधिकारी राहुल आनंद, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, किरण, मनोज छेत्री, लक्ष्मण सिंह रावत, सुंदर सिंह कोठाल, किशन सिंह पुंडीर, सीमा पुंडीर, पार्षद कैप्टन सुख बहादुर गुरुग, भाजपा नेता नेहा जोशी, पार्षद भूपेंद्र कठैत, सुरेंद्र राणा, कमल थापा, संजय नौटियाल, प्रमिला देवी, क्षेत्र के बीडीसी, ग्राम प्रधान, जनपद स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top