logo
Latest

सांसद राजिंदर गुप्ता ने दिल्ली में हर घर तिरंगा बाइक रैली में लिया हिस्सा


पंजाब / चंडीगढ़/ नई दिल्ली : ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन एमेरिटस एवं राज्यसभा सांसद पद्मश्री राजिंदर गुप्ता ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित हर घर तिरंगा बाइक रैली-2026 में भाग लिया। रैली को भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री, सांसद तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। रैली में विशेष बाइकर्स समूहों, महिला बाइकर्स तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें सीआरपीएफ, बीएसएफ और असम राइफल्स के जवान शामिल रहे। तिरंगे के साथ निकली इस रैली ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का संदेश दिया।

इस अवसर पर पद्मश्री राजिंदर गुप्ता ने कहा कि भारत मंडपम में उपराष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति में हर घर तिरंगा बाइक रैली में शामिल होना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राष्ट्रीय प्रतीकों और विरासत के प्रति सम्मान को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान से लेकर वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वर्षभर चल रहे आयोजनों और अब राष्ट्रगीत को वैधानिक संरक्षण मिलने तक की पहल राष्ट्रीय प्रतीकों को देशवासियों की सामूहिक चेतना में और मजबूत कर रही है। तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, एकता, बलिदान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है, जबकि वंदे मातरम् स्वतंत्रता संग्राम की भावना और मां भारती के प्रति हमारे प्रेम को अभिव्यक्त करता है।

राजिंदर गुप्ता ने कहा कि तिरंगा और वंदे मातरम् दोनों ही देशवासियों को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाते हैं और एक मजबूत, एकजुट तथा विकसित भारत के निर्माण के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का बोध कराते हैं।

हर घर तिरंगा बाइक रैली ने समाज के विभिन्न वर्गों को तिरंगे के नीचे एकजुट करते हुए देश की एकता, राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का संदेश दिया। रैली में लोगों की भागीदारी ने यह भी दर्शाया कि देशवासी राष्ट्रीय पहचान, विरासत और स्वतंत्रता के लिए दिए गए बलिदानों को सम्मान देने वाले अभियानों से लगातार जुड़ रहे हैं।

 

TAGS: No tags found

Video Ad


Top