logo
Latest

वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री


उत्तराखण्ड लाइव | हल्द्वानी।

मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रेक्षागृह में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह-2026 में प्रतिभाग करते हुए कहा कि बुजुर्ग समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सभ्य समाज की पहचान उसके वरिष्ठजनों के सम्मान से होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस परिवार और समाज में बुजुर्गों का सम्मान होता है, वहां सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को समाज की मजबूत जड़ बताते हुए कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को सही दिशा मिलती है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों द्वारा वॉलीबॉल, फुटबॉल और बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भागीदारी की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साबित करता है कि उम्र केवल एक संख्या है और जीवन में ऊर्जा व उत्साह सबसे महत्वपूर्ण हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अटल वयोअभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना और राष्ट्रीय वयोश्री योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से वरिष्ठजनों का जीवन सुरक्षित और गरिमामय बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत प्रदेश के लगभग 6 लाख वरिष्ठजनों को प्रतिमाह 1500 रुपये की पेंशन डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जा रही है। साथ ही पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन देने का निर्णय उनकी आर्थिक सुरक्षा को मजबूत कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित किए जा रहे हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए वृद्धाश्रम भवनों का निर्माण कार्य जारी है। इसके अतिरिक्त रुद्रपुर में आधुनिक मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अटल वयोअभ्युदय योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य, पोषण और मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही राज्य में पहली बार जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत वरिष्ठजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा निशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी की सुविधा भी दी जा रही है। इस वर्ष 1300 वरिष्ठ नागरिकों की मुफ्त सर्जरी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू किया गया है, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को अपने भरण-पोषण के लिए कानूनी अधिकार प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा और गरिमामय जीवन के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top