logo
Latest

इनर व्हील क्लब चण्डीगढ़ सिटी ब्यूटीफुल ने आयोजित किया स्वास्थ्य जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम


डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन किरण जैन ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत

चण्डीगढ़ : इनर व्हील क्लब चंडीगढ़ सिटी ब्यूटीफुल की ओर से आज महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल, दरिया के श्रीमती सिकंदरा देवी मल्टीमीडिया हॉल में स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मविश्वास एवं पर्यावरण संरक्षण पर केंद्रित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट 308 की चेयरमैन किरण जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रेसिडेंट मोनिका गुप्ता और अनीता मिड्डा के नेतृत्व में किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं एवं विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विषयों पर जानकारी दी गई। इसके पश्चात डॉ. सोमा ने फील कंफरटेबल एंड स्टे कॉन्फिडेंट विषय पर प्रेरणादायक व्याख्यान दिया। उन्होंने आत्मविश्वास को व्यक्तित्व विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए प्रतिभागियों को स्वयं के प्रति सहज, सकारात्मक और आत्मविश्वासी बने रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण ‘पंच रतन’ सीड बॉल प्रोजेक्ट रहा।सरवानी दत्ता ने इसके माध्यम से प्रतिभागियों को सरल एवं रचनात्मक तरीके से सीड बॉल तैयार करने की जानकारी दी गई। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इस पहल को हरित भविष्य की ओर एक सार्थक कदम बताया गया। प्रतिभागियों ने भी इस गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट 308 की चेयरमैन किरण जैन ने क्लब की सामाजिक एवं पर्यावरणीय गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव तभी संभव है, जब स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और सेवा जैसे विषयों को जनभागीदारी से जोड़ा जाए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। प्रेसिडेंट मोनिका गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्कूल बैग्स और यूनिफॉर्म भी वितरित की गईं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्लब की प्रेसिडेंट मोनिका गुप्ता, सचिव कुलविंदर कौर, वाइस प्रेसिडेंट मोनिका आर्या एवं ट्रेजरर रीनू का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा क्लब की सदस्य वीरेंद्र कौर, मीनू कौशल, वीणा धीर एवं सतिंदर कौर भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।


क्लब की सचिव कुलविंदर कौर एवं वाइस प्रेसिडेंट मोनिका आर्या ने मुख्य अतिथि किरण जैन तथा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इनर व्हील क्लब चंडीगढ़ सिटी ब्यूटीफुल निरंतर समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल डॉ. अंजू मोदगिल ने सभी अतिथियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top