logo
Latest

हापौर श्याम लाल बंसल ने नंदी गौ सेवा सदन का किया दौरा


समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन; पर्यावरण संरक्षण के लिए किया भव्य पौधारोपण

पंचकूला :  पंचकूला के नवनिर्वाचित महापौर श्याम लाल बंसल ने नंदी गौ सेवा सदन, कोट बिल्ला का दौरा कर गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा वहां मौजूद गौवंश की देखभाल संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ वार्ड पार्षद रोहित चौधरी भी उपस्थित रहे।


गौ सेवा सदन पहुंचने पर संस्था के प्रधान दीपक गर्ग एवं पदाधिकारियों ने महापौर का स्वागत किया। इसके बाद प्रधान दीपक गर्ग ने महापौर को गौशाला की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि गौशाला में इस समय लगभग 90 नंदी तथा 10 गायें एवं बछियां हैं, जिनकी सेवा एवं देखभाल संस्था के सहयोग से की जा रही है। उन्होंने गौशाला में चारे, आधारभूत सुविधाओं, रखरखाव  की जानकारी दी।

इस विशेष मौके पर महापौर श्याम लाल बंसल और वार्ड पार्षद रोहित चौधरी ने गौ सेवा सदन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण और प्रकृति के संरक्षण का एक बड़ा संदेश दिया। महापौर ने त्रिवेणी और छायादार पौधे रोपे। उन्होंने कहा कि गौ सेवा और प्रकृति की सेवा दोनों ही हमारे जीवन के अभिन्न अंग हैं। गौशालाओं के आसपास हरियाली होने से न केवल पर्यावरण शुद्ध रहता है, बल्कि गौवंश को भी एक शांत और स्वस्थ वातावरण मिलता है। उन्होंने सभी उपस्थित नागरिकों और संस्था के सदस्यों से अपील की कि वे न केवल पौधे लगाएं, बल्कि उनके बड़े होने तक उनकी उचित देखभाल और सुरक्षा का संकल्प भी लें।
महापौर श्याम लाल बंसल ने गौ सेवा सदन का विस्तृत निरीक्षण करते हुए गौवंश की सेवा में जुटे पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौ सेवा एक पुण्य कार्य है और नगर निगम की ओर से गौशालाओं की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही कराने का भी आश्वासन दिया।
वार्ड पार्षद रोहित चौधरी ने भी गौ सेवा सदन के विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया और कहा कि गौवंश की सेवा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर प्रधान दीपक गर्ग, महासचिव समाजसेवी सुरिंदर गोयल, वित्त सचिव दीपक शर्मा, वाइस चेयरमैन भगवान दास मित्तल, कमल बंसल, कृष्ण मैनेजर सहित गांव के अनेक गणमान्य नागरिक एवं गौभक्त उपस्थित रहे। सभी ने महापौर से गौशाला के समुचित विकास एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top