logo
Latest

मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुधार में आगे बढ़ा उत्तराखंड।


आरोग्य मंदिरों में 34 लाख लोगों को मिली स्वास्थ्य सेवाएं, संस्थागत प्रसव दर 95 फीसदी।

देहरादून, उत्तराखंड लाइव।
राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण को लेकर लगातार सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते उत्तराखंड ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण और रक्त संचरण सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। राज्य में मातृ मृत्यु अनुपात में 12.5 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई है। एसआरएस 2021-23 रिपोर्ट के अनुसार मातृ मृत्यु अनुपात घटकर 91 प्रति लाख जीवित जन्म हो गया है। वहीं नवजात मृत्यु दर 14, शिशु मृत्यु दर 20 और पांच वर्ष से कम आयु की मृत्यु दर 23 प्रति हजार जीवित जन्म रही, जो स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को दर्शाती है।

संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए चलाए गए जागरूकता कार्यक्रमों और स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयासों का परिणाम है कि वर्तमान में प्रदेश में 95 फीसदी प्रसव संस्थागत रूप से कराए जा रहे हैं। गर्भवती महिलाओं के लिए खुशियों की सवारी जैसी योजनाएं सहायता प्रदान कर रही हैं।

राज्य में फरवरी 2025 में चलाए गए पल्स एनीमिया अभियान के तहत 57 हजार से अधिक गर्भवती महिलाओं की एनीमिया जांच की गई। इसके अलावा ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ के तहत प्रसव पूर्व जांच को व्यापक रूप से बढ़ावा मिला।

राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 2059 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं, जहां प्रतिवर्ष लगभग 34 लाख लाभार्थी सेवाएं प्राप्त कर रहे हैं। पिछले तीन वर्षों में 28.80 लाख लोगों की उच्च रक्तचाप और मधुमेह जांच, 28.4 लाख मुख कैंसर एवं 13.1 लाख महिलाओं का स्तन कैंसर स्क्रीनिंग किया गया।

रक्त संचरण सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश में 67 रक्त कोष स्थापित किए गए हैं। साथ ही रक्तदान शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों की भागीदारी भी बढ़ी है।

टीबी उन्मूलन में भी उत्तराखंड अग्रणी राज्य रहा है। वर्ष 2024-25 के लक्ष्यों की तुलना में राज्य ने 105 से 113 प्रतिशत तक टीबी रोगी खोजे हैं। सिकल सेल उन्मूलन मिशन के तहत निर्धारित लक्ष्य के बराबर 1.53 लाख से अधिक लाभार्थियों की स्क्रीनिंग पूरी की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत आधार दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बेहतर स्वास्थ्य सूचकांकों की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है और राज्य सरकार ‘स्वस्थ नागरिक-समृद्ध राज्य’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top