logo
Latest

बीएड विभाग के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नवागंतुक छात्राओं का स्वागत।


उत्तराखंड लाइव/ऋषिकेश। ओंकारानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (ओआईएमटी) के बीएड विभाग की ओर से नवागंतुक छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक वातावरण, नियम-विनियम, बीएड पाठ्यक्रम एवं आगामी शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक डॉ. विकास के. गैरोला एवं प्राचार्या डॉ. संतोष डबराल ने दीप प्रज्वलित कर किया। बीएड द्वितीय सेमेस्टर की छात्राओं ने नवागंतुक छात्राओं का स्वागत गीत, गणेश वंदना एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वागत किया।

कार्यक्रम की संचालिका डॉ. गंगोत्री रावत ने नवागंतुक विद्यार्थियों का ओआईएमटी परिवार की ओर से स्वागत करते हुए उन्हें संस्थान में प्रवेश के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, नियम-विनियम तथा बीएड पाठ्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

डॉ. गंगोत्री रावत ने कहा कि बीएड केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को कुशल, संवेदनशील एवं जिम्मेदार शिक्षक के रूप में तैयार करने वाला महत्वपूर्ण व्यावसायिक पाठ्यक्रम है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षण विधियों, बाल मनोविज्ञान, कक्षा प्रबंधन एवं आधुनिक शिक्षण तकनीकों के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और संचार कौशल पर भी ध्यान देने का आह्वान किया।

निदेशक डॉ. विकास के. गैरोला ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए नियमितता, अनुशासन और निरंतर परिश्रम आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बीएड विद्यार्थी भविष्य की पीढ़ी को दिशा देने वाले शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हैं, इसलिए उन्हें अपने दायित्व को समझते हुए सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

प्राचार्या डॉ. संतोष डबराल ने विद्यार्थियों से अनुशासन, सीखने की इच्छा और तकनीकी ज्ञान को विद्यार्थी जीवन का आधार बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षक के लिए विषय ज्ञान के साथ तकनीकी दक्षता भी बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान नवागंतुक छात्राओं के लिए विभिन्न इंटरैक्टिव एवं मनोरंजक गेम्स का आयोजन किया गया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को एक-दूसरे से परिचित होने, टीम भावना विकसित करने और नए शैक्षणिक वातावरण में सहज होने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के अंत में इंडक्शन एवं परिचय सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं एवं शिक्षकों ने एक-दूसरे से परिचय प्राप्त किया। छात्राओं ने अपनी शैक्षणिक योग्यता, रुचियों एवं हॉबीज के बारे में जानकारी साझा की।

इस अवसर पर विजयकांत, डॉ. गंगोत्री रावत, आयुषी थापा, संगीता पांडे, प्रियंका देशवाल, अमित सहित संस्थान के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top