logo
Latest

स्वतंत्रता दिवस पर CM धामी ने फहराया तिरंगा, उत्तराखंड के लिए की 7 बड़ी घोषणाएं


  • देहरादून के परेड ग्राउंड में हुआ राज्य स्तरीय मुख्य समारोह
  • CM धामी ने वीर बलिदानियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को किया नमन
  • 14 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मिला मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक
  • 13 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
  • युवा आयोग, औद्योगिक पार्क और स्वरोजगार योजना समेत 7 बड़ी घोषणाएं

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समारोह में ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन हुआ। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, वीर बलिदानियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस जवानों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की। उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों को भी उन्होंने श्रद्धापूर्वक याद किया।

समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने 14 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने हाल में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आई प्राकृतिक आपदाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार राहत, उपचार और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों, पेयजल और विद्युत लाइनों को जल्द दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

स्वतंत्रता दिवस पर 7 बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़ी सात महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

पहली घोषणा के तहत चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे। दूसरी घोषणा में प्रदेश के प्रथम युवा आयोग की स्थापना की जाएगी।

तीसरी घोषणा के अनुसार सीमावर्ती गांवों के युवाओं, भूतपूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार और उद्यम स्थापित करने के लिए अतिरिक्त सहायता एवं प्रोत्साहन दिया जाएगा।

चौथी घोषणा के तहत वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे। पांचवीं घोषणा में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत राज्यांश को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये करने की बात कही गई है।

छठी घोषणा युवाओं के लिए है। 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू की जाएगी। इसके तहत आईआईटी और आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से निःशुल्क उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार द्वारा अनुदान के रूप में दी जाएगी।

सातवीं घोषणा के तहत प्रदेश के बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इसी वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों का विश्वास सरकार के लिए केवल राजनीतिक समर्थन नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top