logo
Latest

पौड़ी में देशभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस


एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट तक प्रभात फेरी निकाली गई।
नशामुक्त भारत अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान शुरू हुआ।
लोगों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई गई।
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों और वीर नारियों का सम्मान किया गया।
स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
अंडर-14 और अंडर-17 क्रॉस कंट्री विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
जनपद के सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण हुआ।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया।

पौड़ी : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पूरा पौड़ी जनपद तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। शहर से लेकर गांव तक देशभक्ति का उल्लास देखने को मिला। भारत माता के जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट तक भव्य प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारों के साथ निकली प्रभात फेरी ने पूरे शहर में स्वतंत्रता दिवस का जोश भर दिया।

जिला मुख्यालय में प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद प्रभारी मंत्री और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रगान के दौरान पूरा कलेक्ट्रेट परिसर देशभक्ति के भाव से भर उठा।संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत की शपथ भी दिलाई।प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि महान सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी दोहराने का दिन है।

उन्होंने युवाओं और बच्चों को राज्य की बड़ी शक्ति बताते हुए नशे से दूर रहने, लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के साथ गांवों की मजबूती तथा प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील, जवाबदेह और जनकेंद्रित प्रशासन प्रशासन की प्राथमिकता है। आमजन की समस्याओं का तत्परता से समाधान, योजनाओं और विकास कार्यों की निगरानी तथा तकनीक और नवाचार के माध्यम से जनसेवाओं को बेहतर बनाया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, कौशल विकास, खेल, रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने बच्चों से लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा अच्छे नागरिक बनने का आह्वान किया।

समारोह में अंडर-14 और अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग की क्रॉस कंट्री दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।प्राथमिक विद्यालय नगरपालिका नंबर-5, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी, राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर तिमली और विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों से समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, वीर सैनिकों और वीर नारियों को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग एवं बलिदान को नमन किया।

पुलिस लाइन, विकास भवन सहित जनपद के सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया।स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद रांसी स्टेडियम के समीप ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। जिलाधिकारी ने स्वयं पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना केवल शुरुआत है, उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनाना वास्तविक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, जिला पंचायत सदस्य शांति देवी, डीएफओ महातिम यादव, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, पूर्व सैनिक, शिक्षक, छात्र छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

 

TAGS: No tags found

Video Ad


Top