logo
Latest

अमर क्रांतिवीर पंडित चंद्रशेखर आजाद की स्मृति में लगाए रक्तदान शिविर में 53 यूनिट रक्त हुआ एकत्र


चण्डीगढ़ : अमर क्रांतिवीर पंडित चंद्रशेखर आजाद की स्मृति में भगवान परशुराम भवन सैक्टर 37 सी में रक्तदान शिविर लगाया गया।
श्री ब्राह्मण सभा चण्डीगढ़ के अध्यक्ष यशपाल तिवारी ने बताया कि हर वर्ष 23 जुलाई को पंडित चंद्रशेखर जी के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर लगाया जाता है। रक्तदान शिविर पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च चण्डीगढ़ द्वारा संचालित किया गया। रक्तदान शिविर का शुभारंभ चंडीगढ़ के जाने माने सर्वप्रिय नेता संजय टंडन और पंजाब ब्राह्मण सभा के प्रदेशाध्यक्ष शेखर शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। सूचना अनुसार कुल 53 रक्तदानवीरों ने रक्त दान किया। श्री ब्राह्मण सभा चण्डीगढ़ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीवन कुमार शर्मा ने बताया कि सभा द्वारा वर्ष में दो रक्तदान शिविर लगाए जाते हैं। दूसरा शिविर नवंबर माह में भाई मति दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी की स्मृति में लगाया जाता है।कुल मिलाकर यह 23वाँ रक्तदान शिविर लगाया गया।


इस अवसर पर डाइट कंसल्टेंट डॉ कमलजीत कौर नेचुरोपैथ ने भी लोगों को स्वस्थ जीवन जीने की कला के महत्वपूर्ण आयुर्वेदिक एवं यौगिक सूत्र बताए। पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन के महत्व को जागृत रखने के उद्देश्य से जय मधुसूदन जय श्रीकृष्ण फाउंडेशन की ओर से सभी रक्तदानवीरों को पौधे भी बांटे गए। श्री ब्राह्मण सभा की ओर से सभी रक्तदानवीरों को स्मृति चिन्ह भी भेंट किये गए। संजय टंडन ने कहा रक्तदान महादान है और यही एक ऐसा दान है जो न देने वाले को पता है न लेने वाले को पता है कि कौन देने वाला है और कौन लेने वाला। रक्त दान और नेत्र दान दोनों ही महान माने गए हैं। पंजाब ब्राह्मण सभा के प्रदेशाध्यक्ष शेखर शुक्ला ने कहा कि हर क्षेत्र में युवाओं को नियमित रूप से रक्त दान करते रहना चाहिए। श्री ब्राह्मण सभा चण्डीगढ़ के उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा तथा वरिष्ठ सलाहकार रवि कांत शर्मा ने सभी रक्तदानवीरों तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों का धन्यवाद किया।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top