logo
Latest

मुनिकीरेती में भव्यता के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, सामूहिक ध्वजारोहण में गूंजे देशभक्ति के स्वर।


मुनिकीरेतीनगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस का 80वां राष्ट्रीय पर्व पालिका पार्क में भव्य एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। सामूहिक ध्वजारोहण समारोह में देशभक्ति के नारों और राष्ट्रभक्ति के गीतों ने माहौल को जोश से भर दिया।

मुख्य अतिथि दिव्य जीवन संघ के स्वामी अश्वेतानन्द महाराज, पूर्व पालिका अध्यक्ष महंत मनोज प्रपन्नाचार्य तथा नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके बाद सभी ने देश के ज्ञात-अज्ञात वीर बलिदानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

स्वामी अश्वेतानन्द महाराज ने कहा कि रामसेतु निर्माण के दौरान गिलहरी के छोटे से योगदान को भगवान राम ने भी सम्मान दिया था। इसी तरह प्रत्येक नागरिक के छोटे-छोटे प्रयास मिलकर राष्ट्र और प्रदेश को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि मुनिकीरेती योग, अध्यात्म, पर्यटन, पर्यावरण, जल और ऊर्जा के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है तथा इसके पुरातन महत्व को आधुनिक विकास के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत है।

महंत मनोज प्रपन्नाचार्य ने देश के वीर बलिदानियों को याद करते हुए युवा शक्ति और मातृ शक्ति से उनके संकल्पों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की खुशहाली के लिए राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर एकता और सकारात्मक सोच के साथ काम करना जरूरी है।

वरिष्ठ अधिवक्ता एवं नोटरी रमाबल्लभ भट्ट ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर बलिदानियों के संघर्ष और त्याग को याद किया। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र और खुले वातावरण में सांस ले रहे हैं, वह लाखों देशभक्तों के त्याग का परिणाम है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से देश, प्रदेश, नगर और गांव के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।

कार्यक्रम में राजकीय सेवा पेंशनर संगठन के श्री चौहान ने भी विचार रखे और सभी शहीदों को श्रद्धांजलि दी। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष भगवती प्रसाद रतूड़ी ने राष्ट्रीय कार्यक्रम में अपेक्षाकृत कम सहभागिता पर चिंता जताई और कहा कि ऐसे आयोजनों में क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।

क्रेजी संगठन के अध्यक्ष मनीष डिमरी ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। वहीं वार्ड संख्या 8 की सभासद स्वाती पोखरियाल ने युवाओं और समसामयिक विषयों का उल्लेख करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। यूकेडी के सुरेंद्र सिंह भंडारी ने युवाओं की भूमिका और राष्ट्रहित में सकारात्मक सोच की आवश्यकता पर विचार रखे।

वार्ड संख्या 6 की सभासद बबिता रमोला ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं। गीत के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को याद कर माहौल भावुक हो गया। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए पालिका लगातार प्रयासरत है, लेकिन इसमें जनसहयोग भी बेहद जरूरी है।

नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए करीब 300 निमंत्रण पत्र वितरित किए गए थे, लेकिन अपेक्षा के अनुरूप संख्या नहीं पहुंच सकी। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्रीय पर्वों को उत्साहपूर्वक मनाने और अपने कर्तव्यों को समझने की अपील की।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के निष्ठावान कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। सभासदों को भी सम्मानित किया गया। अधिशासी अधिकारी बद्री भट्ट ने अध्यक्ष के साथ कर्मचारियों के सम्मान कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम में नगर पालिका के विनोद खंडूरी, विनोद सकलानी, सचिन रस्तोगी, लक्ष्मण भंडारी, निशा नेगी, रेखा पैन्यूली, अजय रमोला, सूरज बलोनी, किशन भट्ट, विक्की, ज्योति उनियाल, अर्चना बिजल्वाण, विमला बडोला, मधु असवाल, प्रदीप बडोला सहित प्रेस क्लब अध्यक्ष संजय बडोला, सुदीप पंचभैया, राज्य सेनानी मंच के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार भारत भूषण कुकरेती, महंत सरविंदर तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बद्री भट्ट ने अनुशासित एवं व्यवस्थित ढंग से किया।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top