logo
Latest

गणतंत्र दिवस पर परेड ग्राउंड में फहराया तिरंगा, उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान।


उत्तराखण्ड लाइव | देहरादून।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। इस दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

परेड ग्राउंड में सूचना विभाग, संस्कृत शिक्षा विभाग, विद्यालयी शिक्षा विभाग सहित कई विभागों की आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन हुआ। ‘‘उत्तराखण्ड रजत जयंती और शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन’’ विषय पर आधारित सूचना विभाग की झांकी को प्रथम स्थान मिला। संस्कृत शिक्षा विभाग को द्वितीय और विद्यालयी शिक्षा विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

परेड में सीआरपीएफ, आईटीबीपी, 14वीं डोगरा रेजीमेंट आर्मी, उत्तराखण्ड पुलिस, पीएसी, होमगार्ड्स, एनसीसी बॉयज व गर्ल्स सहित विभिन्न टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। परेड करने वाली टुकड़ियों में सीआरपीएफ प्रथम, आईटीबीपी द्वितीय और 14वीं डोगरा रेजीमेंट तृतीय स्थान पर रही।

कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों ने छोलिया, गढ़वाली नृत्य और पाइप बैंड की प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही लोकतंत्र सेनानियों, शहीद राज्य आंदोलनकारियों के परिजनों और राज्य आंदोलनकारियों को भी सम्मानित किया गया।

राज्यपाल ने लोक भवन में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संविधान निर्माताओं, स्वतंत्रता सेनानियों और सशस्त्र बलों के जवानों को नमन किया। राज्यपाल ने ‘विकसित भारत 2047’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और आधुनिक तकनीकों के सकारात्मक उपयोग पर जोर दिया।

उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित अधिकारी

  • डॉ. नीरज सिंघल, निदेशक पशुपालन विभाग

  • मस्तू दास, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी

  • अरुण कुमार सिंह, अनुभाग अधिकारी सचिवालय

  • राकेश सिंह असवाल, समीक्षा अधिकारी सचिवालय

राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित पुलिस अधिकारी

  • यशपाल सिंह, निरीक्षक नागरिक पुलिस, एसटीएफ देहरादून

  • नरोत्तम बिष्ट, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस, एसटीएफ देहरादून

  • देवेन्द्र कुमार, आरक्षी नागरिक पुलिस, एसटीएफ देहरादून

  • भूपेन्द्र सिंह मर्तोलिया, मुख्य आरक्षी, एसटीएफ कुमाऊं

  • सुनील कुमार, अपर उप निरीक्षक, सशस्त्र पुलिस पौड़ी गढ़वाल

  • सुनील रावत, मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस, जनपद देहरादून

समारोह में पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top