logo
Latest

दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण में तेजी लाएं, गुणवत्ता से न हो समझौता: DM


देहरादून | 23 सितंबर 2026 देहरादून में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने ब्लॉक, तहसील और विभिन्न विभागों से प्राप्त पुनर्निर्माण प्रस्तावों की समीक्षा की।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आपदा में क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर तैयार किया जाए। स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फंड, SDRF के मानकों के अनुरूप पाए गए आगणनों के लिए तत्काल बजट जारी किया जाए, ताकि पुनर्निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सकें।

गलत आकलनों पर जताई नाराजगी

समीक्षा बैठक के दौरान कुछ विभागीय प्रस्तावों में कमियां पाए जाने और SDRF मानकों के अनुरूप नहीं होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने स्तर पर आगणनों की दोबारा जांच करें और संशोधित प्रस्ताव जल्द उपलब्ध कराएं।जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि संबंधित विभाग के अधिकारी इस आशय का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करें कि प्रस्ताव में शामिल सभी आंकड़े निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं।

पुनर्निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर जोर

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा प्रभावित परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण में तेजी के साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। मानकों के अनुरूप प्रस्तावों पर बजट जारी करने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो, ताकि प्रभावित परिसंपत्तियों का पुनर्निर्माण समय पर कराया जा सके।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी, उपजिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल, उपजिलाधिकारी रविंद्र ज्वांठा सहित लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, लघु सिंचाई, पेयजल, विद्युत विभाग और अन्य कार्यदायी संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top