logo
Latest

29 सितंबर को देहरादून में रोजगार मेला, 904 पदों पर भर्ती का मौका


18 निजी कंपनियां लेंगी हिस्सा, दुबई में भी रोजगार का अवसर

देहरादून, 23 सितंबर 2026। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा 29 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा।रोजगार मेले में 18 निजी क्षेत्र की कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और कुल 904 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी के अनुसार, देहरादून के साथ अन्य जनपदों के बेरोजगार युवा भी रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में प्री-रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध है। रोजगार मेले के दिन भी पंजीकरण कराया जा सकेगा।

साथ लेकर आएं ये दस्तावेज

अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में अपना बायोडाटा, मूल शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण-पत्र, प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

ये कंपनियां होंगी शामिल

रोजगार मेले में कैंप 108, स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड, बजाज ऑटो लिमिटेड, बजाज कैपिटल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक, टाटा मोटर्स, आरएसपीएल मैनपॉवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बार्बीक्यूनेशन, अकल इनफॉरमेशन सिस्टम लिमिटेड गुरुग्राम, मेंटर वाटर एक्सपर्ट और नील मेटल हरिद्वार सहित अन्य कंपनियां शामिल रहेंगी।

दुबई में भी रोजगार का अवसर

सेवायोजन विभाग, उत्तराखंड द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत युवाओं को दुबई में कंस्ट्रक्शन सेक्टर में रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए आईटीआई या आईटीआई सर्टिफिकेट धारक अभ्यर्थी पात्र होंगे। फ्रेशर अभ्यर्थियों के लिए 6 माह का अनुभव तथा आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है।

युवाओं से अपील

सेवायोजन विभाग ने युवाओं से रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने और निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचने की अपील की है।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top