logo
Latest

पंचकूला में वरिष्ठ नागरिकों को मिला उपभोक्ता सुरक्षा का पाठ


BIS CARE ऐप से अब घर बैठे जांचें असली उत्पाद

पंचकूला : भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), हरियाणा शाखा कार्यालय द्वारा वरिष्ठ नागरिक परिषद के सहयोग से 21 जुलाई 2026 को सेक्टर-15, पंचकूला स्थित डे-केयर सेंटर कम वृद्धाश्रम में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपभोक्ता जागरूकता एवं संवेदनशीलता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में 40 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों एवं विभिन्न आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को भारतीय मानकों, गुणवत्ता, सुरक्षा तथा उपभोक्ता संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान सुश्री श्यांतोनी शोम, कंसल्टेंट, भारतीय मानक ब्यूरो, हरियाणा शाखा कार्यालय ने भारतीय मानक ब्यूरो की भूमिका, मानकीकरण एवं प्रमाणन प्रणाली तथा उपभोक्ता हितों की सुरक्षा में बीआईएस के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपभोक्ताओं को खरीदारी से पूर्व आईएसआई मार्क, सोने के आभूषणों पर हॉलमार्क (HUID) तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं विद्युत उत्पादों पर सीआरएस (Compulsory Registration Scheme) प्रमाणन चिह्नों की जांच करने के महत्व के बारे में जानकारी दी।

प्रतिभागियों को बीआईएस केयर (BIS CARE) ऐप का भी प्रदर्शन किया गया, जिसके माध्यम से उपभोक्ता किसी भी बीआईएस प्रमाणित उत्पाद, हॉलमार्कयुक्त आभूषण तथा लाइसेंसधारी निर्माता की प्रामाणिकता की जांच कर सकते हैं तथा आवश्यक होने पर शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान एक संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्पादों की गुणवत्ता, हॉलमार्किंग, प्रमाणन चिह्नों एवं उपभोक्ता अधिकारों से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों द्वारा सभी प्रश्नों का संतोषजनक समाधान किया गया तथा प्रतिभागियों से अपने परिवार एवं समाज में भारतीय मानकों तथा सुरक्षित खरीदारी के प्रति जागरूकता फैलाने का आग्रह किया गया।

कार्यक्रम का समापन उपभोक्ताओं से यह अपील करते हुए किया गया कि वे किसी भी उत्पाद की खरीद से पूर्व संबंधित बीआईएस प्रमाणन चिह्न अवश्य जांचें तथा गुणवत्ता एवं सुरक्षा के प्रति सजग उपभोक्ता बनें। यह कार्यक्रम उपभोक्ता जागरूकता को सुदृढ़ करने तथा गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के प्रति विश्वास बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top