logo
Latest

स्वतंत्रता दिवस पर डीजीपी दीपम सेठ ने पुलिस मुख्यालय में फहराया तिरंगा, उत्कृष्ट पुलिसकर्मी हुए सम्मानित।


देहरादून। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर पुलिस मुख्यालय, उत्तराखंड देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने ध्वजारोहण किया और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान डीजीपी ने चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘गोल्ड’, ‘सिल्वर’ एवं पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की।

अपने संबोधन में डीजीपी दीपम सेठ ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता, संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी के निर्वहन में उत्तराखंड पुलिस सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़ी रही है।

डीजीपी ने कहा कि प्रधानमंत्री के रोड शो में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर केंद्रीय गृह मंत्री की उपस्थिति में आयोजित पांच दिवसीय न्याय संहिता प्रदर्शनी, चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में उत्तराखंड पुलिस ने प्रभावी भूमिका निभाई है।

उन्होंने साइबर अपराध प्रबंधन के क्षेत्र में ‘प्रगति’ समीक्षा बैठक में उत्तराखंड पुलिस के देश के टॉप-5 राज्यों में स्थान बनाने, पासपोर्ट सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारत सरकार से Institutional Performance Award for State Police मिलने तथा BRICS सम्मेलन में सिल्क्यारा टनल और धराली-हर्षिल रेस्क्यू मॉडल की सराहना को पुलिस की उपलब्धियां बताया।

डीजीपी ने बताया कि पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं प्रोत्साहन की दिशा में पिछले एक वर्ष के दौरान 950 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध पदोन्नति दी गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस की उपलब्धियों के पीछे बैरियर पर तैनात जवानों से लेकर महिला पुलिसकर्मियों, वाहन चालकों, ट्रैफिक कर्मियों, वायरलेस ऑपरेटरों, साइबर विशेषज्ञों और फील्ड में तैनात प्रत्येक पुलिसकर्मी की मेहनत और समर्पण है।

उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड पुलिस इसी निष्ठा, साहस और कर्तव्यपरायणता के साथ प्रदेश की शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करते हुए प्रदेशवासियों की सेवा करती रहेगी।

इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन ए.पी. अंशुमान सहित पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं पुलिस मुख्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top