logo
Latest

स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस मुख्यालय में ध्वजारोहण, DGP दीपम सेठ ने पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित


950 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध पदोन्नति।

DGP ने पुलिसकर्मियों की मेहनत और समर्पण को उत्तराखंड पुलिस की असली ताकत बताया।

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर पुलिस मुख्यालय, उत्तराखंड में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता दिवस 2026 के लिए चयनित पुलिस कर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘गोल्ड’, पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’ और पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। DGP ने सम्मान प्राप्त करने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

अपने संबोधन में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों, वीर आजादी के नायकों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना सभी का दायित्व है और इस जिम्मेदारी में पुलिसकर्मी हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहते हैं।

DGP ने उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रोड शो में सुरक्षा प्रबंधन से लेकर केंद्रीय गृह मंत्री की उपस्थिति में आयोजित पांच दिवसीय न्याय संहिता प्रदर्शनी तक पुलिस ने अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया।

उन्होंने चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी उत्तराखंड पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया। उनके अनुसार पुलिस ने सुरक्षा, सेवा और आस्था के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा।

साइबर अपराध प्रबंधन के क्षेत्र में ‘प्रगति’ समीक्षा बैठक में उत्तराखंड पुलिस के देश के Top 5 राज्यों में स्थान प्राप्त करने का भी उल्लेख किया गया। पासपोर्ट सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारत सरकार से Institutional Performance Award for State Police मिलने और BRICS सम्मेलन में सिल्क्यारा टनल तथा धराली-हर्षिल रेस्क्यू मॉडल की सराहना का भी जिक्र किया गया।

DGP ने बताया कि पिछले एक वर्ष में पुलिस कर्मियों के कल्याण और प्रोत्साहन के तहत 950 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध पदोन्नति दी गई है।

उन्होंने पुलिस कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि बैरियर पर तैनात जवानों से लेकर महिला पुलिसकर्मियों, वाहन चालकों, ट्रैफिक कर्मियों, वायरलेस ऑपरेटरों, साइबर विशेषज्ञों और फील्ड में काम करने वाले प्रत्येक पुलिसकर्मी की मेहनत उत्तराखंड पुलिस की ताकत है।कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन ए.पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक और पुलिस मुख्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top