logo
Latest

इंद्रमणि बडोनी की 27वीं पुण्यतिथि पर गंगा तट पर श्रद्धांजलि सभा।


उत्तराखंड लाइव | मुनिकीरेती, 18 अगस्त। उत्तराखंड आंदोलन के प्रणेता और पर्वतीय गांधी स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की 27वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को श्री गंगा गौ सेवा समिति मुनिकीरेती की ओर से मां गंगा की दैनिक आरती से पूर्व श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

गंगा गौ सेवा समिति के अध्यक्ष महंत मनोज प्रपन्नाचार्य के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, राज्य आंदोलनकारियों और गंगा आरती में शामिल श्रद्धालुओं ने स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी के चित्र के समक्ष वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर महंत मनोज प्रपन्नाचार्य ने कहा कि इंद्रमणि बडोनी का पूरा जीवन देवभूमि उत्तराखंड के लिए समर्पित रहा। उन्होंने पृथक उत्तराखंड राज्य आंदोलन की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सामान्य परिवार में जन्मे बडोनी ग्राम प्रधान से लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र का तीन बार प्रतिनिधित्व करने तक की राजनीतिक यात्रा में सादगी और जनसेवा के लिए पहचाने गए।

उन्होंने कहा कि सादा जीवन, उच्च विचार और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए बडोनी ने पृथक राज्य की मांग को जन आंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए अमेरिका के एक अखबार ने उन्हें ‘पर्वतीय गांधी’ की उपाधि दी थी।

महंत मनोज प्रपन्नाचार्य ने कहा कि बडोनी का योगदान केवल राजनीतिक क्षेत्र तक सीमित नहीं था। उन्होंने सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किया। वे एक राजनेता होने के साथ-साथ कुशल अभिनेता, निर्देशक, लेखक और गीतकार भी थे।

कार्यक्रम का संचालन आचार्य सुभाष चंद्र डोभाल ने किया। इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष शैलेश सेमवाल, चंद्रवीर पोखरियाल, सूर्यचंद सिंह चौहान, घनश्याम नौटियाल, डॉ. जनार्दन कैरवान, विनोद बड़थ्वाल, भारत भूषण कुकरेती, मनोज मलासी, जगदीश उनियाल, अनिल मैठाणी, रोशन ध्यानी, मधुलिका द्विवेदी, सीमा विजल्वाण, सुनील कपरुवान, हीरालाल डंगवाल, देवेंद्र जोशी, सुंदर लाल कंडवाल, प्रशांत भट्ट और धनीराम बिंजौला सहित आरती के समस्त आचार्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी के आदर्शों और उत्तराखंड के लिए उनके संघर्ष को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top