logo
Latest

नाले में मिली मादा भालू की लाश, जोशीमठ में दहशत और गहरी।


गुलाबकोटी के पास नाले में शव मिलने से कई सवाल, भालू की मौत पर संशय।

उत्तराखण्ड लाइव | ज्योतिर्मठ

ज्योतिर्मठ नगर से करीब 16 किलोमीटर पहले गुलाबकोटी क्षेत्र में एचटीसी कंपनी के निकट बहने वाले नाले में एक मादा भालू का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृत भालू की उम्र लगभग 3 से 4 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

नंदा देवी नेशनल पार्क के रेंज अधिकारी गौरव नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि गुलाबकोटी के पास नाले में एक भालू का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकालकर रेंज कार्यालय लाया गया, जहां भालू का पोस्टमार्टम किया गया।

रेंज अधिकारी के अनुसार भालू की मौत लगभग दो से तीन दिन पहले हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि चट्टान से गिरने के कारण भालू की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि नगर और विकासखंड ज्योतिर्मठ क्षेत्र में बीते चार महीनों से भालुओं की बढ़ती गतिविधि से लोग दहशत में हैं। जोशीमठ नगर में दो दर्जन से अधिक और ग्रामीण क्षेत्रों में कई दर्जन भालुओं की मौजूदगी वन विभाग द्वारा ट्रेस की गई है। भालुओं द्वारा लगातार ग्रामीणों के मवेशियों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में नाले में भालू का शव मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top