logo
Latest

दिल्ली चुनाव : भाजपा कार्यालय में मनाया विधानसभा चुनाव की जीत का जोरदार जश्न


कहा, दिल्ली की जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद को चुना

चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चंडीगढ़ कार्यालय में आज भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक जीत का भव्य जश्न मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जीत की खुशी में पटाखे फोड़कर, लड्डू बांटकर और एक-दूसरे को बधाइयां देकर अपनी खुशी का इजहार किया।

कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “मोदी है तो मुमकिन है” जैसे जोरदार नारे लगा कर अपनी खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष मल्होत्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजबूत नेतृत्व क्षमता और उनकी जनकल्याणकारी नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद को चुना है। यह जीत उन लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है, जिन्होंने दिन-रात एक करके पार्टी के संदेश को हर घर तक पहुंचाया।

भाजपा अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों को अब “आपदा” से मुक्ति मिल गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के नागरिक अब भली-भांति समझ गए हैं कि खोखले वादों और झूठे प्रचार से ज्यादा जरूरी है ईमानदारी से किया गया काम और विकास पर केंद्रित नीतियां।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने दिखा दिया है कि अब सिर्फ नारेबाजी नहीं, बल्कि ठोस विकास कार्य ही जनता का विश्वास जीत सकते हैं। यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मंत्र पर जनता की मुहर है। भाजपा अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत हमारी मंजिल नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। हमें इस जनादेश को और अधिक मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाना है ताकि जनता का विश्वास हमेशा अडिग रहे।
इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारी, मातृ शक्ति और युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top