logo
Latest

CM धामी से मिले सहकारी बैंक नैनीताल के नए अध्यक्ष


देहरादून, 19 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में जिला सहकारी बैंक नैनीताल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रविंद्र सिंह रैंकुनी ने शिष्टाचार भेंट की।इस दौरान रविंद्र सिंह रैंकुनी ने मुख्यमंत्री को अपने निर्वाचन की जानकारी दी और उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें नवनिर्वाचित अध्यक्ष बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

सहकारिता को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार बताया

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधियों का माध्यम नहीं है, बल्कि सामूहिक सहभागिता और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार भी है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सहकारी संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। इनके माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, काश्तकारों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और छोटे उद्यमियों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने में मदद मिलती है।

अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं एवं महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत सहकारी संस्थाएं मजबूत ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की आधारशिला बन सकती हैं।

बैंक को अधिक जन-केंद्रित बनाने की अपेक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला सहकारी बैंक नैनीताल की जिम्मेदारी केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। बैंक किसानों, ग्रामीणों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों की आर्थिक प्रगति में भी सहभागी बन सकता है।उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष से अपेक्षा की कि बैंक को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, आधुनिक और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही बैंक की सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

‘सहकार से समृद्धि’ के विजन का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र को नई गति देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल संस्थागत व्यवस्था तक सीमित न रहे, बल्कि गांव-गांव में रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बने।मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने के संकल्प को और मजबूत किया जा सकता है।

बैंक को प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता

रविंद्र सिंह रैंकुनी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जिला सहकारी बैंक नैनीताल को और अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top