logo
Latest

पलटवार : ₹4700 करोड़ की परियोजनाओं पर कांग्रेस को भाजपा का करारा जवाब


रवि रावत बोले, मोदी सरकार ने चंडीगढ़ और उत्तर क्षेत्र को दी ऐतिहासिक विकास की सौगात

चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के मीडिया प्रभारी रवि रावत ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हरमहेंद्र सिंह लक्की द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ दौरे पर दिए गए बयान को पूरी तरह तथ्यहीन, भ्रामक और राजनीतिक हताशा का परिचायक बताया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रधानमंत्री ने चंडीगढ़ और उत्तर क्षेत्र के विकास के लिए ₹4,700 करोड़ से अधिक की ऐतिहासिक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया हो, उस पर यह कहना कि उन्होंने चंडीगढ़ को कुछ नहीं दिया, कांग्रेस की विकास विरोधी मानसिकता और जनता को गुमराह करने की असफल कोशिश है।
रवि रावत ने कहा कि कांग्रेस ने 17 सवाल पूछे हैं, लेकिन उससे पहले उसे अपने दशकों के शासन का हिसाब देना चाहिए। कांग्रेस बताए कि उसने चंडीगढ़ को कब एक साथ हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं दीं? कब विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं स्थापित कीं? कब मेडिकल शिक्षा का विस्तार किया? कब शहर की दशकों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान किया? कांग्रेस के पास इन सवालों का कोई उत्तर नहीं है।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अकेले पीजीआई चंडीगढ़ के विकास के लिए लगभग ₹1,200 करोड़ का ऐतिहासिक निवेश किया है। यह निवेश केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों, शोध सुविधाओं तथा मरीजों को विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में किया गया है। यह इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
रवि रावत ने कहा कि इसी निवेश के अंतर्गत 300 बेड के अत्याधुनिक एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज़ सेंटर का उद्घाटन किया गया, जहां मस्तिष्क, रीढ़ एवं तंत्रिका संबंधी जटिल बीमारियों का विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध होगा। इसके साथ ही एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर राष्ट्र को समर्पित किया गया, जिससे गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के अंतर्गत 150 बेड के अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास किया गया, जिससे गंभीर मरीजों के उपचार, आईसीयू सेवाओं, आपातकालीन चिकित्सा तथा आपदा प्रबंधन की क्षमता में अभूतपूर्व वृद्धि होगी। इन परियोजनाओं का लाभ केवल चंडीगढ़ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर तथा आसपास के क्षेत्रों के लाखों मरीजों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरमहेंद्र सिंह लक्की को जनता को भ्रमित करने के बजाय यह बताना चाहिए कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल में चंडीगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में ₹1,200 करोड़ जैसा कोई ऐतिहासिक निवेश कब किया गया था। कांग्रेस ने वर्षों तक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की उपेक्षा की, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार आधुनिक अस्पतालों और स्वास्थ्य अवसंरचना का नया इतिहास लिख रही है।
रवि रावत ने कहा कि कांग्रेस बेरोजगारी, विकास और जनसुविधाओं की बात करती है, लेकिन यह भी सच है कि जीएमसीएच-32 में एमबीबीएस सीटों की संख्या 150 से बढ़ाकर 200 करना केंद्र सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे चंडीगढ़ सहित पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और भविष्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दद्दूमाजरा का मुद्दा उठाया है, जबकि सबसे बड़ा सच यह है कि जिस दद्दूमाजरा के कूड़े के पहाड़ को कांग्रेस दशकों तक समाप्त नहीं कर सकी, वह आज भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में समाप्ति के अंतिम चरण में है। हाल ही में चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने वहां पौधारोपण कर उस क्षेत्र को हरित एवं सुंदर बनाने के अभियान का शुभारंभ किया। जहां कभी कूड़े का विशाल पहाड़ चंडीगढ़ की पहचान पर दाग बन गया था, वहीं आज वहां हरियाली विकसित की जा रही है। यह भाजपा सरकार की दूरदर्शी सोच, प्रभावी कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। कांग्रेस को दुष्प्रचार करने से पहले दद्दूमाजरा की बदलती तस्वीर देखनी चाहिए।
रवि रावत ने कहा कि आधारभूत ढांचे का विकास, महिलाओं की सुरक्षा, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से केंद्र सरकार लगातार चंडीगढ़ को नई पहचान दे रही है। कांग्रेस जिन मुद्दों पर राजनीति कर रही है, उन्हीं समस्याओं की जड़ उसके दशकों के कुशासन में है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की दुहाई देने वाली कांग्रेस को 1975 का आपातकाल याद करना चाहिए, जब पूरे देश का लोकतंत्र कुचल दिया गया था। लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला करने वाली कांग्रेस को लोकतंत्र पर उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
रवि रावत ने कहा कि कांग्रेस के 17 सवालों का सबसे बड़ा जवाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चंडीगढ़ को मिली ₹4,700 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाएं हैं। कांग्रेस के पास केवल आरोप हैं, जबकि भाजपा के पास विकास का रिपोर्ट कार्ड है। कांग्रेस के पास केवल बयानबाजी है, जबकि भाजपा के पास जनता के जीवन को बदलने वाली उपलब्धियां हैं। आज चंडीगढ़ की जनता अच्छी तरह जानती है कि भाजपा केवल वादे नहीं करती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर दिखाती है। इसलिए कांग्रेस का दुष्प्रचार जनता के बीच कभी सफल नहीं होगा।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top