logo
Latest

फेक नैरेटिव से सतर्क रहने की जरूरत: सीएम धामी


उत्तराखण्ड लाइव | हल्द्वानी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित “सोशल मीडिया मंथन विथ सीएम धामी” कार्यक्रम में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, डिजिटल वॉलेंटियर्स और युवाओं से संवाद करते हुए फेक नैरेटिव और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और सकारात्मक बदलाव का प्रभावशाली मंच बन चुका है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं ने मुख्यमंत्री से सोशल मीडिया, रोजगार, उत्तराखंड के विकास, संस्कृति और राष्ट्रवाद जैसे विषयों पर सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने युवाओं के प्रश्नों का बेबाकी और आत्मीयता के साथ जवाब दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा है और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से वे अपनी बात दुनिया तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मकता, सत्य और समाजहित के लिए करने की अपील की। साथ ही कहा कि समाज को बांटने वाली ताकतों और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहना समय की बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया को जनसंवाद का सशक्त माध्यम बनाया है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया है। इसी दिशा में राज्य सरकार भी युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, नवाचार, खेल, पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण फैसले लेकर प्रदेश और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और देवभूमि की पहचान को संरक्षित रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ने भी अपने सुझाव साझा किए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एम्बेसडर बनकर राज्य की सकारात्मक छवि दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, गोविंद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top