logo
Latest

सुवाखोली में कृषक रथ रवाना, गणेश जोशी ने दिखाई हरी झंडी


देहरादून। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सुवाखोली में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। उन्होंने कृषक रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह कृषक रथ गांव-गांव जाकर किसानों को सरकार की कृषि एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देगा।कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री ने किसानों को कृषि यंत्र और विभिन्न फसलों के उन्नत किस्म के बीज वितरित किए। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी प्रदान किए गए।कृषकों से संवाद करते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में देश और प्रदेशभर में सेवा कार्य किए जा रहे हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प के अनुरूप समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

गांव-गांव पहुंचेगा कृषक रथ

कृषि मंत्री ने कहा कि कृषक रथ गांव-गांव जाकर किसानों को सरकार की जनकल्याणकारी और कृषि आधारित योजनाओं के प्रति जागरूक करेगा। इससे अधिक से अधिक किसान इन योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।उन्होंने किसानों से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कृषि एवं बागवानी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और बड़ी संख्या में लोग खेती-किसानी से जुड़े हुए हैं। ऐसे में किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में है।

आधुनिक खेती और नई फसलों पर जोर

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है।उन्होंने बताया कि प्रदेश में पॉलीहाउस की स्थापना के साथ मिलेट्स, ड्रैगन फ्रूट और कीवी की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं एरोमा मिशन के अंतर्गत 91 हजार किसानों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।उन्होंने कहा कि औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती के माध्यम से किसान अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित कर सकते हैं। किसानों को नई तकनीकों और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी

कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि विभाग की ओर से किसानों को मृदा परीक्षण और मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण तकनीक, फसल विविधीकरण, समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन तथा जलवायु परिवर्तन के अनुरूप कृषि पद्धतियों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने कहा कि उत्पादन लागत को कम करने और उत्पादकता बढ़ाने के लिए किसानों को नवीन एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि किसान केवल पारंपरिक खेती तक सीमित न रहें, बल्कि आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण और मूल्य संवर्धन को अपनाकर आय के नए स्रोत विकसित करें।उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ गांव-गांव और खेत-खलिहान तक पहुंचाकर किसानों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना सरकार का संकल्प है।

ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, निदेशक कृषि दिनेश कुमार सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top