logo
Latest

देहरादून में मेडिकल स्टोरों पर ड्रग विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई दुकानें बंद, एक्सपायरी दवाइयां जब्त


देहरादून : उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के निर्देशों पर सोमवार को “Safe Drugs, Safe Life” अभियान के तहत सहसपुर क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सीमा डुंगराकोटी ने किया। उनके साथ ड्रग विभाग के वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मानेन्द्र सिंह राणा और औषधि निरीक्षक विनोद जगूड़ी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान सहसपुर, बड़ा रामपुर, छोटा रामपुर, झाझरा और सुद्धोवाला क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों में दवाइयों के रखरखाव, लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपलब्धता, एक्सपायरी दवाइयों, सीसीटीवी व्यवस्था, फ्रिज की स्थिति और अन्य वैधानिक प्रावधानों की विस्तृत जांच की गई।

सबसे गंभीर अनियमितताएं बालाजी मेडिकोज, सभावाला में मिलीं। निरीक्षण के समय फार्मासिस्ट और स्टोर संचालक अनुपस्थित थे। खराब फ्रिज में बड़ी संख्या में एक्सपायरी दवाइयां मिलीं, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया। स्टोर में गंदगी भी पाई गई। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए मेडिकल स्टोर को तत्काल बंद कर दवाइयों के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई। संचालक को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए और संतोषजनक जवाब न मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी गई।

पर्व मेडिकल स्टोर में भी एक्सपायरी दवाइयों के रखरखाव में अनियमितताएं मिलीं। निरीक्षण के दौरान छह माह पुरानी एक्सपायरी दवाइयां बरामद हुईं। नारकोटिक्स दवाइयों के रिकॉर्ड और PAN-D दवा के खरीद-बिक्री संबंधी दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद स्टोर को भी तत्काल बंद कर दिया गया।

जनता मेडिकल स्टोर, छोटा रामपुर में खराब फ्रिज, बंद सीसीटीवी कैमरा और खराब अवस्था में रखे इंजेक्शन मिले। मौके पर खराब दवाइयों का निस्तारण कराया गया और स्टोर का संचालन तत्काल रोक दिया गया।

हेल्थ केयर फार्मेसी, सुद्धोवाला में फार्मासिस्ट और स्टोर संचालक दोनों अनुपस्थित मिले। स्टोर में सीसीटीवी कैमरा नहीं था और फ्रिज भी बंद मिला। गंभीर अनियमितताओं के चलते इस मेडिकल स्टोर को भी बंद कर दवाइयों के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई।

वहीं ग्लोबल फार्मा डिस्ट्रीब्यूटर्स का निरीक्षण संतोषजनक पाया गया। यहां स्टोर साफ-सुथरा मिला, एक्सपायरी दवाइयां नहीं मिलीं और आवश्यक व्यवस्थाएं भी सही पाई गईं। निरीक्षण टीम ने आवश्यक दिशा-निर्देश देकर व्यवस्थाएं बनाए रखने को कहा।

शंभु मेडिकल स्टोर, झाझरा में सीसीटीवी कैमरा और एक्सपायरी दवाइयों के रखरखाव की व्यवस्था नहीं मिली। निरीक्षण टीम ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद ही स्टोर दोबारा खोलने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि सभावाला, छोटा रामपुर, बड़ा रामपुर, सुद्धोवाला और सहसपुर क्षेत्र के कई अन्य मेडिकल स्टोरों ने निरीक्षण की जानकारी मिलते ही अपनी दुकानें बंद कर दीं, जिस पर निरीक्षण टीम ने गंभीर चिंता व्यक्त की।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी मेडिकल स्टोर पर बिना चिकित्सकीय पर्चे के प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री, एक्सपायरी दवाइयों का उपयोग या अन्य अनियमितता दिखाई दे, तो इसकी सूचना संबंधित विभाग या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को दें।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top