logo
Latest

उत्तराखंड भ्रातृ संगठन ने भव्य लाइट एंड साउंड शो के साथ मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी।


भव्य लाइट एंड साउंड शो और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं ने मोहा दर्शकों का मन ।

उत्तराखंड लाइव | चंडीगढ़। उत्तराखंड भ्रातृ संगठन, दरिया (चंडीगढ़) की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया गया। इस दौरान भव्य लाइट एंड साउंड शो के साथ भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मनमोहक मंचन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और उत्तराखंड समाज के लोगों ने हिस्सा लिया।

आधुनिक रोशनी और संगीत के शानदार तालमेल के बीच कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, माखन चोरी, कालिया मर्दन और रासलीला सहित विभिन्न बाल लीलाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। मंचन के दौरान पूरा प्रांगण ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘जय बद्री विशाल’ के जयकारों से गूंज उठा। रंग-बिरंगी रोशनी और सुरीले भजनों के बीच हुए इस मंचन ने दर्शकों को गोकुल और वृंदावन के दिव्य वातावरण का एहसास कराया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अनिल कुमार दुबे, पूर्व डिप्टी मेयर, बिमला दुबे, पार्षद दरिया (वार्ड नंबर 9), गढ़वाल सभा चंडीगढ़ के प्रधान शंकर सिंह पवार और पंचकूला गढ़वाल सभा के प्रधान हरीश शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर पूर्व सरपंच दरिया गुरप्रीत सिंह हैप्पी, जेपी राणा, गढ़वाल सभा चंडीगढ़ के पूर्व प्रधान विक्रम सिंह बिष्ट, उत्तराखंड युवा मंच के पूर्व प्रधान धर्मपाल रावत, पौड़ी एकता मंच के प्रधान पदविंदर सिंह रावत सहित उत्तराखंड समाज की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

संगठन के प्रधान सुनील पंत ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य चंडीगढ़ में रह रहे उत्तराखंड समाज के लोगों और अन्य नागरिकों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जड़ों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कृति से रूबरू कराने के उद्देश्य से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

जन्माष्टमी समारोह में समाज की मातृशक्ति, गणमान्य लोगों और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में भव्य आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और आयोजन का समापन हुआ।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top