logo
Latest

11 अक्टूबर से शुरू होगी मुनि की रेती में रामलीला, 20 अक्टूबर को होगा भगवान श्रीराम का राजतिलक


मां गंगा रामलीला समिति कराएगी पांचवें वर्ष रामलीला का मंचन, स्थानीय उत्तराखंड के कलाकारों को मिलेगी प्राथमिकता

मुनि की रेती। मां गंगा रामलीला समिति की ओर से रविवार, 11 अक्टूबर 2026 से मुनि की रेती में पांचवें वर्ष रामलीला का मंचन शुरू किया जाएगा। रामलीला का समापन 20 अक्टूबर को भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ होगा। इस बार समिति स्थानीय उत्तराखंड के कलाकारों को प्राथमिकता देते हुए धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संदेशों पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी। यह जानकारी समिति पदाधिकारियों ने आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष संदीप परमार ने पत्रकारों का स्वागत करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। समिति के महासचिव अनिल बडोनी ने बताया कि पिछले चार वर्षों के रामलीला मंचन और स्थानीय जनता से मिले सुझावों को ध्यान में रखते हुए इस बार क्षेत्रीय कलाकारों को अधिक अवसर देने का निर्णय लिया गया है, ताकि उनकी प्रतिभा को मंच मिल सके।

अनिल बडोनी ने बताया कि रामलीला के दौरान महाकाल की भव्य झांकी, उत्तराखंड की प्राचीन संस्कृति, जागर और मातृशक्ति के माध्यम से विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही सामाजिक, राजनीतिक और अन्य क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

समिति ने सालासर बालाजी धाम से हनुमान ध्वज प्राप्त कर उसका विधिवत आरोहण किया है। समिति पदाधिकारियों ने आयोजन की सफलता के लिए भगवान हनुमान से आशीर्वाद की कामना की।

समिति के उपाध्यक्ष प्रदीप सकलानी ने बताया कि इस बार स्थानीय जागरण समिति से जुड़े हरेंद्र सैनी के सहयोग से मंच निर्माण की समस्या दूर हुई है। उन्होंने कहा कि जनता से मिलने वाले सुझाव समिति के लिए प्रेरणा का काम करते हैं।

नशे के खिलाफ भी चलेगा जागरूकता अभियान

प्रदीप सकलानी ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को देखते हुए रामलीला के दौरान एक दिन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को आमंत्रित किया जाएगा। इस दौरान नशे की रोकथाम और इसके दुष्प्रभावों को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।

महासचिव अनिल बडोनी ने बताया कि रामलीला का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण द्वारा किया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों से परिवार सहित रामलीला में शामिल होने की अपील की।

प्रेस वार्ता में मुख्य सलाहकार देवेंद्र दत्त जोशी, कोषाध्यक्ष जितेंद्र उनियाल, एडवोकेट विकास उपाध्याय, गंगा रावत, वार्ड संख्या सात के सभासद गजेंद्र सिंह सजवाण, मनोज मलासी सहित समिति के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top