logo
Latest

बच्चों की सुरक्षा के लिए जागरूकता कैंप


1098 जागरूकता कैंप में 900 बच्चों ने ली जानकारी

ऋषिकेश, 18 सितंबर 2026। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी की ओर से शुक्रवार को ऋषिकेश स्थित श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, गंगा नगर में बच्चों की सुरक्षा के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश चाइल्ड हेल्पलाइन टीम और DCPU टीम के सदस्यों ने स्कूल में मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

1098 हेल्पलाइन के बारे में दी जानकारी

टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि 1098 एक निशुल्क आपातकालीन फोन सेवा है, जो मुसीबत में फंसे बच्चों की सहायता के लिए उपलब्ध है। यह सेवा 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित होती है।जागरूकता कार्यक्रम के दौरान अनाथ, गरीब और बेसहारा बच्चों, खोए और पाए गए बच्चों, भिक्षावृत्ति एवं बाल श्रम से जुड़े बच्चों की सहायता, बाल विवाह की रोकथाम और बच्चों की शिक्षा सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई।

गुड टच, बैड टच और POCSO की जानकारी

कैंप में बच्चों को गुड टच और बैड टच, POCSO कानून तथा साइबर क्राइम से बचाव के बारे में भी जागरूक किया गया।इसके साथ ही विद्यार्थियों और शिक्षकों को बाल कल्याण समिति की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। टीम ने महिलाओं और बच्चों से संबंधित सहायता एवं संस्थाओं के बारे में भी बताया।कार्यक्रम में बताया गया कि महिलाओं से संबंधित किसी समस्या के लिए 181 पर कॉल किया जा सकता है। बच्चों से संबंधित किसी भी समस्या के लिए 1098 या 112 पर संपर्क किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर नजदीकी चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है।

900 विद्यार्थी और 18 शिक्षक हुए शामिल

जागरूकता कैंप में कुल 900 विद्यार्थियों और 18 शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सुपरवाइजर मीना खरोला और रंजना उनियाल, केस वर्कर अनिल बिष्ट, DCPU सदस्य सम्पूर्णा भट्ट और कविता पांडे, रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन टीम सदस्य सविता गोगिया तथा भिक्षावृत्ति टीम के कोऑर्डिनेटर राहुल सती और मीनाक्षी नाथ सहित संबंधित टीम सदस्य मौजूद रहे।

कैंप के बाद 3 बच्चों का रेस्क्यू

जागरूकता कैंप के समापन के बाद टीम ने तपोवन क्षेत्र से कूड़ा बीनते हुए तीन बच्चों को रेस्क्यू किया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन बच्चों का संबंध नटराज चौक क्षेत्र से बताया गया है। रेस्क्यू के बाद बच्चों की तपोवन चौकी में GD दर्ज कराई गई। इसके बाद टीम बच्चों को मेडिकल परीक्षण के लिए लेकर गई।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top