logo
Latest

दो अगस्त से फिर शुरू होगी कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा


पेपर लीक और चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस का आक्रामक रुख

देहरादून:  आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ अपनी राजनीतिक रणनीति तेज कर दी है। पार्टी ने तय किया है कि 2 अगस्त से शुरू होने वाली परिवर्तन संकल्प यात्रा के दूसरे चरण में पेपर लीक, युवाओं के रोजगार, छात्रों के हितों और मंदिरों में चढ़ावा चोरी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

नई दिल्ली में कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि परिवर्तन संकल्प यात्रा का दूसरा चरण 2 से 5 अगस्त तक देहरादून जिले की विभिन्न विधानसभा सीटों में निकाला जाएगा। इसके बाद यात्रा हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर की विधानसभाओं में पहुंचेगी।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पहले चरण में पर्वतीय जिलों की विधानसभाओं में ब्लॉक स्तर तक पार्टी कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच पहुंचकर भाजपा सरकार की नीतियों, पेपर लीक मामलों, युवाओं के रोजगार, छात्रों से जुड़े मुद्दों और मंदिरों में चढ़ावा चोरी जैसे विषयों को उठाया। अब दूसरे चरण में इन मुद्दों को और अधिक मजबूती से जनता के सामने रखा जाएगा।

बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे पर भी चर्चा हुई। प्रस्ताव के अनुसार 8 अगस्त को हल्द्वानी में उनकी कार्यकर्ता रैली आयोजित करने की तैयारी है। इसके अलावा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी की भी अगस्त माह में उत्तराखंड में जनसभाएं कराने की योजना बनाई जा रही है। उनकी उपलब्धता के अनुसार कार्यक्रम की तारीख तय की जाएगी। पार्टी की कोशिश है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की सभाएं पर्वतीय क्षेत्रों में भी आयोजित हों।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पेपर लीक और मंदिरों में चढ़ावा चोरी जैसे मुद्दों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाएगी। उनके अनुसार भाजपा सरकार को घेरने के लिए पार्टी के पास कई जनहित के मुद्दे हैं और जनता बदलाव चाहती है।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top