logo
Latest

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना की प्रगति को लेकर बैंकर्स समीक्षा बैठक आयोजित


खादी बोर्ड के अध्यक्ष दीदार सिंह की अध्यक्षता में बैंकिंग संस्थानों के साथ हुआ विस्तृत मंथन

चण्डीगढ़ : प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के अंतर्गत योजनाओं की प्रगति एवं कार्यान्वयन की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को रावी हॉल, किसान भवन, सेक्टर-35 में त्रैमासिक बैंकर्स समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूटी खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, चंडीगढ़ के अध्यक्ष दीदार सिंह ने की। बैठक का आयोजन खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), चंडीगढ़ द्वारा यूटी खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, चंडीगढ़ के सहयोग से किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य पीएमईजीपी योजना की प्रगति की समीक्षा करना, बैंकिंग संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा योजना के संभावित एवं मौजूदा लाभार्थियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाना रहा।
बैठक में बलविंदर सिंह, कुलबीर सिंह, पवन शर्मा, लीला धर, श्रीमती निशा शर्मा, श्रीमती फर्मिला, पूर्व डिप्टी मेयर एवं सदस्य यूटी खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, ए.एस. मलिक, सहायक निदेशक, केवीआईसी चंडीगढ़, त्रिदेव, नोडल अधिकारी, तथा राजीव दत्त हंस, चीफ लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, पंजाब नेशनल बैंक, चंडीगढ़ सहित विभिन्न सहभागी बैंकों के प्रतिनिधि एवं बैंकिंग अधिकारी उपस्थित रहे।


बैठक में नगर निगम चंडीगढ़ के एनयूएलएम प्रतिनिधियों तथा एससीबीसी कॉरपोरेशन, चंडीगढ़ के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। पीएमईजीपी योजना के लाभार्थी भी बैठक में उपस्थित रहे और उन्होंने योजना के क्रियान्वयन, बैंकिंग प्रक्रिया तथा सामने आ रही समस्याओं से संबंधित अपने अनुभव एवं सुझाव साझा किए।बैठक के दौरान पीएमईजीपी योजना के तहत हुई प्रगति, बैंकिंग से जुड़े मामलों, लंबित प्रकरणों तथा लाभार्थियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने में आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न संबंधित विभागों एवं बैंकिंग संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर लाभार्थियों को समयबद्ध एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध करवाने पर जोर दिया गया।

श्री दीदार सिंह ने कहा कि पीएमईजीपी जैसी योजनाएं युवाओं और छोटे उद्यमियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने संबंधित संस्थानों से आपसी समन्वय को और मजबूत करने तथा पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने पर बल दिया।बैठक पीएमईजीपी योजना के बेहतर क्रियान्वयन, बैंकिंग संबंधी समस्याओं के समाधान, हितधारकों के बीच समन्वय को मजबूत करने तथा क्षेत्र में स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुई। यूटी खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, चंडीगढ़ ने दोहराया कि बोर्ड पीएमईजीपी के प्रभावी क्रियान्वयन, संस्थागत समन्वय को मजबूत करने तथा स्थायी रोजगार एवं उद्यमिता के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top