logo
Latest

कुंभ 2027 की तैयारियां तेज, ADG ने लिया जायजा


हरिद्वार, 18 सितंबर 2026। कुंभ मेला 2027 हरिद्वार की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। सीसीआर स्थित सभागार में आयोजित बैठक में कुंभ मेले की प्रारंभिक तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. नीलेश आनंद भरणे, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अब तक की तैयारियों का दिया गया प्रस्तुतीकरण : बैठक की शुरुआत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला 2027 हरिद्वार की ओर से अब तक की गई तैयारियों और आगामी कार्ययोजना के प्रस्तुतीकरण से हुई। इसके बाद ADG डॉ. वी. मुरुगेशन ने कुंभ मेला 2027 की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। इस दौरान यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन, संचार व्यवस्था, डिजिटल तकनीक के उपयोग और पुलिस बल की चरणबद्ध तैनाती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश :ADG ने अधिकारियों को ठोस कार्ययोजना के अनुसार तैयारियों को आगे बढ़ाने और सभी जरूरी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने जोन, सेक्टर और अन्य पुलिस व्यवस्थाओं के निर्धारण के साथ आवश्यक पुलिस बल की उपलब्धता तथा चरणबद्ध तैनाती को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों और सीमावर्ती जनपदों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि कुंभ मेला क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित की जा सके।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : ADG डॉ. वी. मुरुगेशन ने कहा कि कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन है। इसे निर्विघ्न और सकुशल संपन्न कराना उत्तराखंड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने देश और विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं के साथ प्रभावी और त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मेला क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण : समीक्षा बैठक के बाद ADG ने उपस्थित अधिकारियों के साथ कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का मौके पर जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।इसके बाद ADG एटीसी पहुंचे, जहां कुंभ मेला ड्यूटी के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों से रूबरू हुए। उन्होंने जवानों के प्रशिक्षण की प्रगति और तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही प्रशिक्षित स्टाफ और संबंधित अधिकारियों के साथ आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा कर व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top