logo
Latest

उत्तराखंड के रेशम उद्योग को मिलेगी नई रफ्तार, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मांगा सहयोग


नई दिल्ली। उत्तराखंड में रेशम उद्योग के विकास और बुनकरों को प्रोत्साहन देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। सोमवार को प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने नई दिल्ली में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से शिष्टाचार भेंट कर रेशम उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय मंत्री को उत्तराखंड में रेशम उद्योग की वर्तमान स्थिति और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान समय में 7,500 रेशम कीटपालक परिवार रेशम कोया उत्पादन से जुड़े हुए हैं। इनके द्वारा प्रतिवर्ष 314.40 मीट्रिक टन बाईवोल्टाइन रेशम कोये का उत्पादन किया जा रहा है, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग 12 करोड़ रुपये है।

गणेश जोशी ने बताया कि देहरादून स्थित सिल्क पार्क के माध्यम से राज्य में रेशम वस्त्रों का मूल्य संवर्धन किया जा रहा है। यहां रेशमी साड़ियां, वास्कोट, स्टॉल, शॉल और अन्य उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इन उत्पादों का प्रदेश के विभिन्न आउटलेट्स के माध्यम से विपणन किया जा रहा है, जिससे आर्थिक लाभ भी प्राप्त हो रहा है।

रेशम उद्योग में हो रहे इन प्रयासों की जानकारी मिलने पर केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त की।

बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने राज्य में अधिक से अधिक बुनकरों को रेशम उद्योग से जोड़ने, उनकी आय बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से जनपद नैनीताल के हल्द्वानी में प्रस्तावित सिल्क पार्क की स्थापना के लिए आवश्यक वित्तीय और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने का भी आग्रह किया।

इस पर केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया और राज्य सरकार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top