logo
Latest

कांवड़ मेला 2026: ऋषिकेश में डीएम डॉ. आशीष चौहान का निरीक्षण, 25 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश


देहरादून : कांवड़ मेला 2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को ऋषिकेश में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग और विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 25 जुलाई 2026 तक मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि तैयारियों में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आईडीपीएल मैदान का निरीक्षण करते हुए कांवड़ियों के ठहरने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने अधिकारियों को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित वाहन पार्किंग, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कहा। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने और पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का पूरा सम्मान किया जाए और किसी भी परिस्थिति में उन्हें असुविधा का सामना न करना पड़े।

राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग को यात्रा मार्ग का पैचवर्क, गड्ढों की मरम्मत, पुलों की रेलिंग दुरुस्त करने और पूरे मार्ग पर स्ट्रीट लाइट तथा सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सिंचाई विभाग को गंगा घाटों पर सुरक्षा चेन लगाने और स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया। वहीं नगर निगम ऋषिकेश को घाटों की नियमित सफाई, प्रकाश व्यवस्था, डेंगू की रोकथाम के लिए फॉगिंग और दवा छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आईडीपीएल मैदान में विशेष सफाई और प्रकाश व्यवस्था करने के साथ मैदान को इस प्रकार तैयार करने को कहा गया कि वाहनों के फंसने की स्थिति उत्पन्न न हो।

स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सा दल, प्राथमिक उपचार और मेडिकल कैंप स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले वर्ष की कांवड़ यात्रा के दौरान सामने आई कमियों का गंभीरता से विश्लेषण किया गया है। इस बार उन्हीं अनुभवों के आधार पर व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी बातचीत कर सुझाव लिए और आश्वासन दिया कि मेले से पहले तथा समापन के बाद आईडीपीएल मैदान और पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने संबंधित विभागों को अवैध दुकानों और फर्जी नाम से संचालित ढाबों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला पूर्ति अधिकारी को होटल और ढाबों में खाद्य पदार्थों की नियमित जांच, मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने तथा ओवररेटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। इस दौरान नेपाली फार्म क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ मेला 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक आयोजित होगा। 31 जुलाई से 4 अगस्त के बीच श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ रहने की संभावना है, जबकि 8 से 11 अगस्त तक डाक कांवड़ का संचालन होगा। 11 अगस्त को शिवालयों में जलाभिषेक के साथ यात्रा का समापन होगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग को चार जोन और 13 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।

 

TAGS: No tags found

Video Ad


Top