logo
Latest

रुद्रप्रयाग में हरेला अभियान के तहत ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान शुरू, डीएम विशाल मिश्रा ने की पहल


रुद्रप्रयाग।हरेला पर्व के अवसर पर रुद्रप्रयाग जनपद में पर्यावरण संरक्षण के साथ ज्ञान के प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक नई पहल शुरू की गई है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने “एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं” अभियान का शुभारंभ करते हुए स्वयं एक पुस्तक दान कर इसकी शुरुआत की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जिस प्रकार हरेला पर्व पर पौधारोपण कर प्रकृति को समृद्ध बनाने का संकल्प लिया जाता है, उसी प्रकार पुस्तक दान कर समाज में ज्ञान का विस्तार भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक अच्छी पुस्तक किसी व्यक्ति के जीवन की दिशा बदलने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकती है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी पसंद की कम से कम एक पुस्तक दान करे, तो पूरे जनपद में ज्ञान का एक समृद्ध भंडार तैयार किया जा सकता है। इससे विद्यार्थियों, युवाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और आम नागरिकों को लंबे समय तक लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पुस्तकों का महत्व समय के साथ कभी कम नहीं होता। पुस्तकें ज्ञान, संस्कार, अनुभव और विचारों की अमूल्य धरोहर होती हैं, जो पीढ़ी दर पीढ़ी समाज का मार्गदर्शन करती हैं। यह अभियान केवल पुस्तक दान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में पढ़ने की संस्कृति विकसित करने, ज्ञान साझा करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का एक प्रयास है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक उपयोगी और प्रेरणादायक पुस्तक अवश्य दान करे, क्योंकि यह छोटा सा योगदान किसी जरूरतमंद विद्यार्थी के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि समाज के सामूहिक सहयोग से यह अभियान आगे चलकर जनआंदोलन का रूप लेगा और जनपद में ज्ञान के प्रति नई चेतना का संचार करेगा।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संदीप भट्ट, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top