logo
Latest

वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर पुष्पा बडेरा विद्यालय में भव्य सामूहिक गायन कार्यक्रम।


ऋषिकेश/ उत्तराखंड  लाइव: ढालवाला स्थित पुष्पा बडेरा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य एवं दिव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा प्रेरित ‘नमामि भारतम’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मुनिकीरेती नीलम बिजलवान, कार्यक्रम संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय बडोनी, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. दिनेश शर्मा, आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. शशि जोशी तथा प्रबंध समिति अध्यक्ष चंद्रवीर पोखरियाल ने मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया।

प्रधानाचार्य विजय बडोनी ने कहा कि वंदे मातरम मातृभूमि को मां के रूप में संबोधित करता है और पोषण, प्रेम, सौहार्द, संरक्षण एवं त्याग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस गीत ने समाज में आत्मविश्वास और स्वाभिमान की भावना को मजबूत करने तथा अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सामूहिक गायन सामाजिक एकता, बंधुत्व, समानता और मानवता का संदेश देता है।

मुख्य अतिथि नीलम बिजलवान ने कहा कि वंदे मातरम सामाजिक उत्थान और स्वदेशी भावना का मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और समाज व्यक्तिगत हित से ऊपर हैं तथा मातृभूमि के सम्मान, सुरक्षा और विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि वंदे मातरम का गायन मातृभूमि के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति पूरे विश्व को परिवार के रूप में देखने की भावना रखती है।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक हर्षमणि व्यास, सह प्रबंधक संतोष पांथरी, कोषाध्यक्ष भास्कर बिजल्वान, समाजसेवी गजेंद्र उनियाल, डॉ. विनय बरमोडा, जिला शिक्षक संघ के नेता अनिल कुकरेती, समिति सदस्य विशाल मणि पैन्यूली, राकेश पुरी, सहसंयोजक वीरेंद्र किशोर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक जयेंद्र प्रसाद चमोली ने किया।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top